होटल संचालक के बेटे के हत्यारों को बीहड़ से पकड़ा, 3 फरार
भिंड. शहर के होटल संचालक के बेटे की हत्या करने वाले दोनों आरोपितों को पुलिस ने देर रात फूफ के बहराय पुरा में चंबल के बीहड से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों से एक पिस्टल, 11 कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसका मृतक की बहन से प्रेम संबंध थे। मृतक के पिता और मृतक ने उसकी बाजार में मारपीट कर दी। बेइज्जती के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने हत्याकांड में मुख्य आरोपित के बाबा, हत्या की साजिश तैयार करने और पिस्टल मुहैया कराने वाले के अलावा होटल की रैकी करने और घटना के बाद फरार आरोपितों को दवाई आरै खाना-पीने की सामग्री को मुहैया कराने वाले तीन लोगों को भी आरोपित बनाया है। यह बात पुलिस कंट्रोलरूम में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी असित यादव ने कही। इस दौरान एएसपी संजीव पाठक, सीएसपी अरूण उइके मौजूद रहे।
रात में डेढ़ किमी पैदल बीहड़ में चली पुलिस तब पकड़े
पुलिस कंट्रोलरूम में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी डा. असित यादव ने बताया कि रविवार रात करीब 11.30 बजे सूचना मिली कि होटल संचालक के बेटे प्रणाम जैन के हत्या के आरोपित चंबल के बीहड़ में छुपे हुए हैं। एसपी ने कोतवाली टीआइ प्रवीण चौहान, फूफ टीआइ सतेंद्र राजपूत, ऊमरी टीआइ रविंद्र शर्मा, रौन टीआइ शक्ति सिंह यादव, नयागांव थाना प्रभारी वैभव सिंह तोमर, बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया और सायबर सैल टीम को एक्टिव किया। पुलिस बहराय का पुरा गांव से करीब डेढ़ किमी बीहड़ पैदल चलकर शिव मंदिर के पास पहुंची तो वहां से कुछ लोग भागने लगे। पुलिस ने मंदिर को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में युवकों ने अपने नाम मिक्कू उर्फ विशाल पुत्र रणदीप सिंह उर्फ गुट्टे भदौरिया और भोलासिंह पुत्र रामनिवास भदौरिया निवासी बहराय का पुरा बताया। पुलिस ने आरोपित से एक पिस्टल, 11 कारतूस और एक चाकू जब्त कर लिया।
