नरेंद्र सिंह तोमर की सहज नहीं, सक्रिय राजनीति से विदाई
ग्वालियर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में टॉप फाइव में स्थान रखने वाले नरेंद्र सिंह तोमर की अप्रत्याशित रूप से दिल्ली से प्रदेश के लिए विदाई दे दी गई। माना जा रहा था कि नरेंद्र सिंह को दिल्ली से भोपाल मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदार के तौर पर भेजा गया है। विधानसभा चुनाव के बीच तोमर राजनीतिक झंझावत में फंस गये और उन्हें प्रदेश की सक्रिय राजनीति से दूर कर संवैधानिक पद पर बैठा दिया गया। उनके राजनीतिक प्रतिद्वंदियों ने समझा कि नरेंद्र सिंह की राजनीति से लगभग विदाई हो गई लेकिन 6 माह में ही नरेंद्र सिंह प्रतिद्वंदियों को जता दिया कि वे पर्दे के पीछे की राजनीति के भी महागुरू है क्योंकि ग्वालियर चंबल की 4 लोकसभा सीटों में तीन सीटों पर उनके पसंद के लोगों की उम्मीदवारी घोषित है। इनमें से दो प्रत्याशियों की उम्मीदवारी तो अप्रत्याशित मानी जा रही है।
नरेंद्र सिंह के लिए 2023 का विधानसभा चुनाव उनके राजनीतिक करियर के लिए सांप सीढी का खेल साबित हुआ। संगठन ने एक रणनीति से दिल्ली से विदा कर उनके गृह जिले मुरैना की दिमनी विधानसभा क्षेत्र से चुनावी समर में उतार दिया और लोगों के आकलन के विपरीत उन्हें विधानसभा की कुर्सी पर बैठा दिया गया।
