महाशिवरात्रि पर अचलेश्वर, कोटेश्वर और गुप्तेश्वर में भक्तों की लम्बी-लम्बी कतारें लगी, बम-बम भोले से गूंजे शिवालय

 

ग्वालियर. शुक्रवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर रात 12 बजे से ही शिवालयों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। गुरूवार और शुक्रवार की दरमियानी रात 12 बजे से ही शिवभक्त मंदिर पहुंचना शुरू हो गये थे। सुबह से ही मंदिरों के बाहर दर्शन करने वाले भक्तों की लम्बी-लम्बी कतारें दिखाई दे रही हैं। शहर के प्रमुख शिवमंदिर अचलेश्वर, कोटेश्वर, गुप्तेश्वर पर भीड़ को देखते हुए यातायात में बदलाव किया गया है। जिससे दर्शन करने आने वालों को कोई असुविधा न हो। अचलेश्वर पर रात 12 बजे से ही मुख्य मार्ग पर वाहनों का प्रवेश को बंद करना पडा था। शहर के मंदिरों के बाहर आलम यह है कि पैर रखने के लिये जगह तक नहीं है।
चारो ओर सिर्फ शिवभक्त ही नजर आ रहे हैं। जयश्री महाकाल पब्लिक वेलफेयर फाउडेशन के तत्वाधान में पहली बार कोटेश्वर महादेव मंदिर से दोपहर में शिवबारात निकाली जायेगी। तारागंज के अशोक स्तम्भ स्थित टेकरी वाले पौराणिक हनुमान मंदिर पर सुबह 10 बजे रूद्राभिषेक किया गया है, गुप्तेश्वर महादेव मंदिर सुबह जलाभिषेक समेत कई विशेष कार्यक्रम किये जा रहे हैं।

नो व्हीकल जोन अचलेश्वर मंदिर परिसर
महाशिवरात्रि के मौके पर शहीद स्तम्भ से अचलेश्वर चौराहा तक वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। अचलेश्वर मंदिर की तरफ जाने वाले यातायात को गुरूवार-शुक्रवार दरमियानी रात 12 बजे से बदलाव किया गया है। कोटेश्वर मंदिर पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। किलागेट एसे आने वाले वाहन गंगामाई मंदिर पर रोके जा रहे है और विनय नगर से कोटेश्वर मंदिर जाने वाले वाहन चामुंडा देवी मंदिर से आगे नहीं जा सकेंगे।
मार्केश्वर मंदिर में विराजमान शिव को लगी हल्दी
फूलबाग मार्कडेश्वर महादेव में आज महाशिवरात्रि पर सुबह 4 बजे आरती की गयी और मंदिर के पुजारी पं. मनोज भार्गव ने बताया कि मंदिर के पट गुरूवार-शुक्रवार की रात 12 बजे खोल दिये गये थे और रात से ही श्रद्धालु मंदिर में आना शुरू हो गये थे। सुबह की आरती के बाद सन्यासी के रूप में सुबह 9 बजे हल्दी से श्रृंगार किया गया है अब दोपहर 2 बजे भोलेनाथ का दूल्हे के रूप में श्रृंगार किया जायेगा।
गुप्तेश्वर मंदिर पर रात में की गई विशेष पूजा, निकलेगी बारात
गुप्तेश्वर मंदिर में महा शिवरात्रि पर भगवान शिव की बारात शुक्रवार सुबह 11.30 बजे निकाली जाएगी। जो शहर के विभिन्न मागों से होते हुए मंदिर पहुंचेगी। मंदिर के पुजारी अशोक कुमार बिरथरिया ने बताया कि महा शिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में रात नौ बजे चार महा पूजा की जाएंगी। भगवान गुप्तेश्वर का रुद्राभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। तदुपरांत भोलेनाथ की महा आरती उतारी जाएगी। मंदिर के पास नीचे ही पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे श्रद्धालु अपने वाहन खड़े करके ऊपर पहाड़ी पर आसानी से दर्शन करने आ सकें।
गंगाजल लेकर आने लगे कांवरियों के जत्थे
महा शिवरात्रि पर भोलेनाथ का अभिषेक करने के लिए श्रद्धालु सोरों, इलाहाबाद व हरिद्वार से गंगाजल कांवर में भरकर लाना शुरू हो गए हैं। शुक्रवार को रात 12 बजे से ही कांवरियों का जत्था कांवर लेकर मंदिर पहुंचने लगे थे। सबसे पहले कांवरियों ने ही मंदिर में दर्शन कर गंगा जलाभिषेक किया है। इसके बाद आम भक्तों के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए।
सड़कों पर जगह-जगह लगे फलाहार के स्टॉल
महाशिवरात्रि के मौके पर मंदिरों के बाहर, सड़कों पर शिव भक्तों ने फलाहार व ठंडाई के स्टॉल लगाए हैं। करीब दो सैकड़ा से ज्यादा स्टॉल शहर के बाजारों व मुख्य मार्गो पर लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *