BJP के मुरैना, छिंदवाडा और होशंगाबाद के पहले घोषित हो सकते हैं लोकसभा उम्मीदवार, भाजपा कार्यालय में चल रही है बैठक

भोपाल. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में गुरूवार को चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक चल रही है जिसमें सीएम डॉ. मोहन यादव भी इस बैठक में शामिल हुए। वह लगभग 2 घंटे बैठक में रहने के बाद उज्जैन के लिये रवाना हो गये। एमपी भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश लोकसभा प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, लोकसभा उम्मीदवार के लिये मंथन कर रहे हैं।
लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों को लेकर बुधवार की रात सीएम हाउस में भी मंथन हुआ। एमपी के लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, सहप्रभारी सतीश उपाध्याय ने सीएम मोहन यादव, प्रदेशसंगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ 2 घंटे तक लम्बी चर्चा की।
बैठक में तय हुआ कि जिन लोकसभा सीटों पर सहमति नहीं बनी है, वहां के लिए रायशुमारी कराई जाएगी। प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के अलावा संगठन के मुख्य पदाधिकारी लोकसभा क्षेत्र के विधायकों, जिलाध्यक्षों और संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा कर जिताऊ और सर्वमान्य नाम खोजेंगे। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, विदिशा, गुना, होशंगाबाद, नरसिंहपुर, मुरैना, सीधी, रीवा और सतना सीट के लिए रायशुमारी होना है।
सूत्रों का कहना है कि सांसद से विधायक बने पार्टी नेताओं की सीट पर उम्मीदवार चयन के लिए केंद्रीय नेतृत्व निर्णय करेगा। होशंगाबाद, नरसिंहपुर, मुरैना, सीधी और छिंदवाड़ा में BJP सबसे पहले उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी में हैं। नरेंद्र सिंह तोमर (मुरैना), राकेश सिंह (जबलपुर), राव उदय प्रताप सिंह (होशंगाबाद), रीति पाठक (सीधी), प्रहलाद सिंह पटेल (दमोह) सांसद से विधायक बने हैं।
