कमलनाथ क्यों भा रही है BJP

भोपाल. MP के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलें हैं। कमलनाथ अपने सांसद बेटे नकुलनाथ के साथ दिल्ली भी पहुंच गये हैं। कांग्रेस के नेता स्वयं पत्रकारों से सवाल पूछ रहे हैं कि इंदिरा गांधी के तीसरे बेटे कांग्रेस क्यों छोडेंगे।
इन सबके बीच भी कुछ मजबूत कारण है जो कमलनाथ और नकुलनाथ के भाजपा में शामिल होने की अटकलों को ताकत देती है। 17 फरवरी की दोपहर जब कमलनाथ दिल्ली पहुंचे तो यहां भी उन्होंने भाजपा में शामिल होने के सवाल को नकारा नहीं। सिर्फ यही कहा है कि आप क्यों उत्साहित हो रहे हैं।
354 करोड़ के बैंक फ्रॉड में भांजे रतुल पर ईडी का केस
कमलनाथ के भांजे रतुल पुरी और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 2020 में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले में ईडी ने रतुल को गिरफ्तार भी किया था।
आरोप है कि रतुल जिस कंपनी मोजरवेयर के निदेशक थे, उस कंपनी ने गलत दस्तावेजों के आधार पर 354 करोड़ रुपए का लोन लिया था। अगस्त 2019 में सबसे पहले सीबीआई ने इस मामले में एफआईआर की थी। इसके बाद ईडी ने भी केस दर्ज किया। इस मामले में रतुल गिरफ्तार हुए और अब जमानत पर हैं।
4 साल बाद अगस्त 2023 में इसी केस में ईडी ने रतुल के सहयोगी नितिन भटनागर को गिरफ्तार किया था। हालांकि रतुल ने जांच एजेंसी को ये बताया है कि वे इस कंपनी के डायरेक्टर पद से 2012 में ही अलग हो चुके थे। इस मामले में रतुल की मां नीता और पिता दीपक पुरी को भी ईडी ने आरोपी बनाया है।
