समीक्षा बैठक में हुआ फैसला-मुरैना में हुई लूट का खुलासा पुलिस 72 घंटे में करे, नहीं तो बाजार किए जाएंगे बंद

ग्वालियर -सोना-चांदी व्यवसाईयों के साथ हुई लूट की घटनाओं के विरोध में मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री के नेतृत्व में सोना-चांदी व्यवसाईयों द्बारा चलाए जा रहे चरणबद्घ आंदोलन की आज समीक्षा बैठक सायं 4 बजे चेम्बर भवन में आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित व्यवसायियों ने चरबद्घ आंदोलन के दौरान मुरैना के व्यवसायी-अतुल गुप्ता व मोहना व्यवसायी-राकेश सोनी के साथ ही अन्य लूट के आरोपी के पकड़े जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा मुरार के व्यवसायी राहुल गोयल के साथ हुई लूट की घटना के आरोपियों के नजदीक पुलिस के पहुंचने की सूचना पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह हम सभी व्यापारियों की एकता का ही परिणाम है कि तेजी से पुलिस प्रशासन इस पर कार्य कर रहा है। व्यवसायियों ने कहा कि चूंकि राहुल गोयल के साथ लूट की घटना का खुलासा अभी तक नहीं हुआ है इसलिए हमें पुलिस को अल्टीमेटम देकर आंदोलन की आगामी रणनीति बनानी चाहिए।
समीक्षा बैठक में व्यवसायियों की सर्वसम्मति पर अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि जब तक हमारे आंदोलन को शत-प्रतिशत सफलता नहीं मिलती है तब तक न आंदोलन को स्थगित किया जाएगा और न ही रोका जाएगा। आपने कहा कि हम पुलिस प्रशासन को श्री राहुल गोयल के साथ हुई लूट की घटना का खुलासा करने के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हैं। यदि इस अवधि में लूट का खुलासा नहीं हुआ तो हम क्रमश: बाजार बंद कराएंगे। इससे पूर्व 21 फरवरी को पुलिस महानिरीक्षक चंबल जोन से मिलेंगे और बाजार बंद करने के निर्णय से अवगत कराएंगे। 23 फरवरी को बाजार बंद करने की रूपरेखा पर ‘चेम्बर भवन` में बैठक की जाएगी। 24 फरवरी को मुरार के बाजार बंद किए जाएंगे। 25 फरवरी को उपनगर ग्वालियर बंद किया जाएगा और 26 फरवरी को लश्‍कर बंद किया जाएगा। इसके बाद आवश्‍यकता पड़ी तो ग्वालियर बंद भी कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *