एयरपोर्ट पर दबोचे 2 तस्कर, चेन्नई से सोना लेकर दिल्ली में करते थे डिलीवरी, एसटीएफ भी पहुंची
इंदौर. एयरपोर्ट पर डीआरआई ने सोने की तस्करी की सूचना पर 2 यात्रियों को दबोचा है। जांच करने पर उनके डॉक्यूमेंट भी फर्जी निकले। दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने जांच के बाद दोनों यात्रियों पर फर्जी डॉक्यूमेंट को लेकर केस दर्ज किया है।
एरोड्रम पुलिस के अनुसार हरिशंकर गुर्जर निवासी छोटा बांगडदा की शिकायत पर मोहम्मद उमर पुत्र मोहम्मद साबिर निवासी अब्दुल फजल इन्क्लेव जामिया ओंखला और जाकिर पुत्र अनवर अली पर 420, 467, 468, 34 के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्त्ता गुर्जर ने पुलिस को बताया है कि मुखबिरों से सूचना मिली थी कि चेन्नई से इन्दौर आ रहे प्लेन क्रमांक 6ई489 से 2 संदिग्ध यात्री पहचान छिपाकर सोने की तस्करी कर रहे है। अधिकारियों ने दोनों यात्रियों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में पता चला है कि दोनों ने पहचान छिपाकर वोटर आईडी कार्ड छेड़छाड़ कर नकली आधार बनवा लिया है। दोनों के पास से मोहम्मद नदीम पुत्र मोहम्मद युसूफ और अनिकेत पुत्र ओमप्रकाश शर्मा , आमिर खान पुत्र अल्लाउद्दीन सैफी के नाम से बनवाये गये नकली आधार कार्ड बरामद किये गये है। इस मामले में एसटीएफ भी आरोपियों से पूछताछ के लिये पहुंची हे। मामले में केन्द्र सरकार की जांच एजेंसियां भी पूछताछ करेंगी।
