कृषि भूमि पर बिना लाइसेंस थी पटाखा फैक्ट्री, बच्चों से बंधवाते थे सुतली
हरदा. अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद मलबे में शवों की तलाश का ऑपरेशन 24 घंटे चला। मलबे में कोई नयष शव नहीं मिला। बुधवार रात तक हादसे में हताहतों की संख्या 11 ही रही। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की और सैंपल कलेक्ट किए। एफएसएल डायरेक्टर शशिकांत शुक्ला के अनुसार जांच में मानव अंग नहीं मिले। एक ब्लड स्टैन मिला है। मंगलवार को एक शव झुलसा हुआ था। शिनाख्त डीएनए जांच के बाद होगी।
धमाके की पडताल के लिए टीम मौके पर पहुंची तो सामने आया कि हरदा में राजेंद्र और सोमेंद्र की पटाखा फैक्ट्री कृषि भूमि पर चल रही थी। इसके लाइसेंस भी नहीं थे। केवल भंडारण की मंजूरी थी। इसकी आड में खतरनाक बारूद से सुतली बम बनाने का काम चल रहा था। फैक्ट्री के एक हिस्से पर कामर्शियल उपयोग की मंजूरी थी बाकी कृषि भूमि थी। 15-15 किलो तक के विस्फोटक रखने के दो लाइसेंस थे लेकिन वे भी निरस्त थे। फैक्ट्री में 8 से 12 साल के मासूमों से सुतली बम बंधवाने का खतरनाक काम कराया जाता था। बारूद स्टोरेज के लिए बेसमेंट गया था।
मंत्री को नहीं बता पाए एसपी कि आरोपी कहा है
हादसे के एक दिन बाद ही सरकार ने कलेक्टर ऋषि गर्ग और एसपी संजीव कुमार कंचन को हटा दिया। बुधवार को सीएम मोहन यादव के घटनास्थल पर पहुंचे और जायजा लिया इसके तुरंत बाद आदेश जारी हो गए। दरअसल मंगलवार को स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने मौके पर एसपी से पूछा कि आरोपी कारोबारी कहां है उससे पूछताछ की। एसपी ने जानकारी नहीं होने की बात की, तुरंत एसपी आरोपी के घर पहुंचे जिसके बाद वहां ताला लगा मिला। मंत्री नाराज हुए तो कुद घंटे बाद आरोपी धरा गया।
