CM केजरीवाल के बाद आतिशी के घर पहुंची दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम, थमाया नोटिस
नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने रविवार को सुबह-सुबह दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी के घर जांच के लिए पहुंची। दरअसल आतिशी मार्लेना और सीएम अरविंद केजरीवाल ने पिछले दिनों बीजेपी पर आम आदमी पार्टी के कुछ विधायकों की खरीद-फरोख्त करने की कोशिश का आरोप लगाया था। इसके बाद भाजपा दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने 30 जनवरी को शहर के पुलिस प्रमुख से मुलाकात की थी और आरोपों की जांच किए जाने की मांग की थी। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी और इसी के तहत क्राइम ब्रांच के एसीपी रविवार सुबह खुद आतिशी मार्लेना के घर नोटिस थमाने पहुंची।
मंत्री के न मिलने पर OSD को थमाया नोटिस
जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच के एसीपी रविवार सुबह खुद आतिशी मार्लेना के घर नोटिस थमाने पहुंचे। हालांकि आतिशी अपने आवास पर नहीं थीं। ऐसे में क्राइम ब्रांच की टीम आतिशी के न मिलने पर उनके ओएसडी को नोटिस थमाकर वहां से निकल गए। इससे पहले दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम इस मामले की जांच के सिलसिले में शुक्रवार को भी सीएम केजरीवाल और आतिशी मार्लेना के आधिकारिक आवास पर पहुंची थी। हालांकि उन्हें तब सफलता नहीं मिली थी।
