भाजपा नेता-पत्नी की हत्या के आरोपियों के मकान तोड़े
उज्जैन. भाजपा नेता और उनकी पत्नी की हत्या के दो आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चला दिया गया। शुक्रवार दोपहर पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। इस दौरान दो थानों की पुलिस तैनात रही। फिलहाल, मामले में तीसरे आरोपी की संपत्ति का आकलन किया जा रहा है।

26-27 जनवरी की दरमियानी रात नरवर थाना क्षेत्र के पिपलोदा गांव में भाजपा नेता रामनिवास कुमावत और उनकी पत्नी मुन्नीबाई कुमावत (65) की हत्या कर दी गई थी। घटना के दूसरे दिन पुलिस ने गांव के ही अलफेज, आरिफ, विशाल और एक अन्य नाबालिग को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के पास से भाजपा नेता के घर से लूटे गए मंगलसूत्र, पायजेब, बिछिया, कड़े, टाॅप्स, चार कारतूस, एक चाकू और राॅड जब्त किए गए। कुमावत के परिजन और स्थानीय लोगों ने आरोपियों का घर तोड़ने की मांग की। इस पर प्रशासन ने पिपलोदा स्थित विशाल और अलफेज के मकानों की नपती की थी। जांच के दौरान कुछ हिस्सा अवैध मिला था।
