ग्वालियर में सूमो में ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, चाची-भतीजे की मौत, 8 घायल

ग्वालियर. तेज रफ्तार आ रहे ट्रक ने आगे जा रही सूमो कार में टक्कर मार दी। सूमो में मजदूर भरे थे जो हाइवे किनारे झाडियों को काटने जा रहे थे। हादसे में चाची-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि उनके परिवार व आसपास के 8 लोग घायल हो गए हैं। घटना शुक्रवार सुबह 11 बजे नौगांव में आगरा-मुम्बई नेशनल हाइवे पर हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ट्रक लेकर चालक फरार हो गया था। पुलिस की एक टीम ने सभी घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया, जबकि दूसरी टीम ने करीब डेढ़ किलोमीटर पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया है, जबकि चालक भाग गया।
तेज रफ्तार ट्रक ने सूमो में तेज टक्कर मार दी
पनिहार के रायपुर गांव स्थित आदिवासी पुरा में रहने वाले 10 लोग सुबह 9 बजे मजदूरी के लिए निकले थे। रायपुर से यह टाटा सूमा जीप में हाइवे के लिए सवार हुए। नौगांव में हाइवे किनारे पहुंचकर इनको झाड़ियां काटनी थी। सूमो में सवार होकर अभी वह नौगांव पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सूमो में तेज टक्कर मार दी। कार में टक्कर लगते ही चीख-पुकार मच गई। हादसे में सूमो में सवार सभी मजदूर घायल हो गए थे। जिनमें 27 वर्षीय लक्खा राम पुत्र प्रेम सिंह निवासी रायपुर पनिहार और उसकी चाची 40 वर्षीय रजको देवी पत्नी रघुवर सिंह निवासी रायपुर की मौके पर ही मौत हो गई, आठ घायल हैं। घटना के बाद आरोपी चालक वहां से भाग निकला। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया है। जहां पर उनकी हालत गंभीर है।
यह हुए हैं घायल
हादसे में घायल होने वालों में 19 वर्षीय मिथुन आदिवासी (मृतका रजको का बेटा), उसकी बहन अनीता (27), भूरी (28), 55 वर्षीय मुन्नीबाई (मृतक लक्खाराम की मां), पवन (18), बीरबल (25), रेखा (40), गीता (28) शामिल हैं। इनमें मुन्नीबाई की हालत गंभीर है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *