ग्वालियर व्यापार मेले में हादसे के बाद 28 से 26 झूलों का संचालन शुरू
ग्वालियर. व्यापार मेला में झूला सेक्टर सैलानियों के लिए सुरक्षित नहीं है, क्योंकि पहले झूलों को लेकर फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कर दिए गए और सुरक्षा को लेकर जांच नहीं की। अब बार-बार जांच के नाम पर दिखावा किया जा रहा है। एक बार फिर लोक निर्माण विभाग और प्रशासनिक अधिकारी झूलों की जांच करने पहुंचे। जांच के बाद 28 में 26 झूलों के संचालन की अनुमति दी गई। वहीं जिस नाव झूले से महिला गिरी थी उसमें और पालकी झूलों में सादा बेल्ट की जगह लाक बेल्ट लगवाए गए।
मेला शुरू होने के बाद भी झूलों में सुरक्षा मानकों में कमी से यह तो साफ है कि पहले अधिकारियों ने इस मामले को कितनी गंभीरता से देखा था। अब हादसा हो गया तो अधिकारी लगातार निरीक्षण का दिखावा भी कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बीते रविवार रिहाना खान नाव झूले से गिर गईं थी। इसके बाद सभी झूलों को बंद कर जांच शुरू की गई। पीडब्ल्यूडी और प्रशासनिक अधिकारियों ने सोमवार, मंगलवार और बुधवार को सभी झूलों की जांच की। बुधवार को हुई जांच में दो झूले अनफिट निकले, जिनकी जांच गुरुवार को हुई। इधर वसूली भी नहीं रुक रही: पार्किंग में सैलानियों की ओर से लगातार शिकायतें सामने आ रहीं हैं। मेला की अलग-अलग जगह पार्किंगों में निर्धारित शुल्क से ज्यादा राशि ली जा रही है पहले व्यापार मेला प्राधिकरण ने नोटिस देकर पल्ला झाड़ लिया, लेकिन यह अभी भी रुका नहीं है। बाहर से आने वाले सैलानी व बाहर के वाहनों के साथ ज्यादा परेशानी होती है।
