पीएमटी और व्यापमं के 90 फीसदी केस में रैकेटियर और दलाल बरी

ग्वालियर. सीबीआइ ने व्यापमं कांड के सभी केसों की जांच कर न्यायालय में चालान पेश कर दिए हैं। पीएमटी और व्यापमं की परीक्षाओं से जुड़े 31 केसों में न्यायालय से फैसला हो चुका है, लेकिन सीबीआइ व्यापमं कांड में रैकेटियर और दलाल की भूमिका निभाने वालों के खिलाफ केस साबित नहीं कर पा रही है। यह वजह है कि 90 फीसदी केसों के रैकेटियर और दलाल दोषमुक्त हुए हैं।
न्यायालय से परीक्षार्थी और सॉल्वर को ही सजा हो रही है। व्यापमं कांड के आरोपियों की पैरवी कर रहे अधिवक्ताओं से रैकेटियर और दलाल के दोषमुक्त होने के कारण जाना तो, उनका कहना है कि रैकेटियर और दलाल के बीच हुए पैसे के लेनदेन के साक्ष्य सीबीआइ ने पेश नहीं किए हैं। इस कारण संदेह का लाभ मिल रहा है। व्यामपं कांड की जांच सबसे पहले एसआइटी ने की थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 2015 में व्यापमं कांड की जांच सीबीआइ के सुपुर्द हो गई। सीबीआइ ने पूरे मामले की अतिरिक्त जांच की और चालान पेश किए। जनवरी 2021 में चिरायु मेडिकल कॉलेज भोपाल की सीटों पर फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपियों के खिलाफ आखिरी चालान पेश किया। अधिकतर केसों में रैकेटियर और दलाल दोष मुक्त हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *