अक्षया हत्याकांड की चश्मदीद बोली मुझे जान का खतरा, संप्रेक्षण गृह से भागने वाले बाल अपचारियों का आया VIDEO
ग्वालियर. बाल संप्रेक्षण गृह से 6 अपचारियों (इनमें 4 हत्या के आरोपी) के भागने के वीडियो सामने आये हैं। इनमें साफ देखा जा सकता है कि एक साथ किस तरह प्री प्लान कर बाल अपचारी भागे हैं। एक अपचारी को गाडऱ् पकड़ते हुए दिखाई दे रहा है। अक्षया हत्याकाण्ड में गवाह अक्षया की सहेली के घर पर पुलिस ने पहरा लगा दिया है। अक्षया की सहेली ने अपनी जान को खतरा बताया है। भागने वाले बाल अपचारियों में से 3 अक्षया हत्याकांड के मुख्य आरोपी है।
3 दिन पहले से चल रही थी भागने की प्लानिंग
पुरानी छावनी से पकड़ा गया बदमाश कपिल (बदला हुआ नाम) बेहद शातिर है। पुलिस ने बाल संप्रेक्षण गृह के सीसीटीवी के फुटेज तलाशे तो 3 दिन से इन सभी के हाव-भाव में एक बदलाव दिखाई दे रहा था। इनको जब भी बाहर लाया जाता था, तब यह मुख्यद्वार के पास वाली दीवार के पास ही दिखाई दे रहे थे। बाउंड्रीवाल परद पूरे एरिया में कांच के टुकडछ़े लगे हैं। लेकिन जहां से आरोपी भागे हैं वही दीवार सपाट है। इसके बाद गुरूवार की सुबह 9 बजे जब उनको घुमाने के लिये बाहर लाया गया तो उन्होंने अपनी योजना को अंजाम दिया और भाग गये। सीसीटीवी फुटेज में उनकी पूरी प्लानिंग कैद हुई है।
बार-बार जमानत आवेदन हो रहे थे खारिज
पूर्व डीजीपी सुरेन्द्र यादव की भतीजी की हत्या (अक्षया हत्याकांड) के तीन आरोपी भी बेहद शातिर और पेशेवर हैं। कोचिंग से लौटते समय उन्होंने छात्रा की बीच बाजार गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनकी टारगेट अक्षया न होकर उसकी सहेली व करुणा शर्मा की बेटी थी। यह तीनों आरोपी लगातार कोर्ट में जमानत के लिए आवेदन कर रहे हैं। अक्षया की सहेली जिसे यह टारगेट कर आए थे, वह इनसे जान को खतरा बता चुकी है। जिस कारण बार-बार इनके जमानत के आवेदन खारिज हो जाते हैं। इसी कारण भागने के बाद गवाह के घर पर पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है।
ऐसे समझिए पूरा मामला
ग्वालियर के थाटीपुर सिल्वर एस्टेट के सामने बाल सम्प्रेक्षण गृह में गुरुवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब हत्या के चार आरोपी सहित 6 नाबालिग आरोपी, सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवान को धक्का देकर भाग गए हैं। बाल सम्प्रेक्षण गृह में कुल 12 नाबालिग आरोपियों को रखा गया है। इनमें से तीन आरोपी वो हैं जिन्होंने जुलाई 2023 में बेटी बचाओ चौराहा के पास 17 वर्षीय अक्षया यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। एक मुरैना में व्यापारी की गोली मारकर हत्या में आरोपी था और दो अपहरण व आर्म्स एक्ट के आरोपी थे। गुरुवार सुबह 9 बजे सभी 12 आरोपियों को बाहर घुमाने के लिए रसोइया कम गार्ड ओपी गौर बाहर लाया था। मैदान में सभी आरोपी घूम रहे थे और गेट पर होमगार्ड जवान टीकाराम तैनात था। अभी कोई कुछ समझ पाता उससे पहले ही 6 आरोपी मुख्य दरवाजे की तरफ भागे। निहत्थे होमगार्ड जवान ने उनको रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसे धक्का दिया और भाग गए। घटना की सूचना तत्काल गार्ड व रसोइया ओपी गौर ने बाल सम्प्रेक्षण गृह अधीक्षक पवन तिवारी को दी। वह स्पॉट पर पहुंचे और पुलिस व अपने विभाग को भोपाल में सूचना दी है।
12 आरोपियों पर सिर्फ दो पहरेदार
बाल सम्प्रेक्षण गृह में कुल 12 आरोपी थे। जिन पर नजर रखने के लिए 16 CCTV कैमरे के अलावा दो पहरेदार हैं। एक निहत्था होमगार्ड जवान और दूसरा रसोइया था। ऐसे में आरोपियों के बाल सम्प्रेक्षण गृह से भागने में अपने आप में एक बड़ी लापरवाही व चूक सामने आ रही है।
आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है
डीएसपी क्राइम नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि सभी छह बाल अपचारियों की तलाश में दबिश दी थी। एक को गुरुवार शाम को ही पकड़ लिया गया है। अन्य भी जल्दी पकड़े जाएंगे।
