फरवरी से संवरना शुरू होगा मोतीमहल संग्रहालय, डिजिटल भी बनेगा
ग्वालियर. स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन के लगभग 7.32 करोड रुपये के बजट से मोतीमहल स्थित नगर निगम के संग्रहालय का संुदरीकरण फरवरी माह से शुरू कर दिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट की टेंडर प्रक्रिया में तीन कंपनियों ने हिस्सा लिया है और दो दिन बाद वित्तीय मूल्यांकन की प्रक्रिया कर सबसे कम कीमत बताने वाली कंपनी को कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा। संग्रहालय में रखी धरोहरों का दस्तावेजीकरण करने के बाद इमारत का विस्तार करने के साथ्ज्ञ ही गैलरियों की संख्या भी बढाई जाएगी। वर्तमान बिल्डिंग का संधारण और विस्तार हो जोन से गैलरियों को व्यवस्थित भी किया जाएगा। स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के अंतर्गत इस संग्रहालय को डिजिटल भी किया जाएगा।
स्मार्ट सिटी ने 7 करोड 32 लाख का बजट दिया
निगम संग्रहालय की बिल्डिंग के लिए स्मार्ट सिटी ने 7 करोड 31 लाख 99 हजार 719 रुपये का बजट दिया है। इससे बिल्डिंग का पुनरूद्धार करने के साथ ही विस्तार भी किया जाना है। विस्तार के अंतर्गत बिल्डिंग के बगल में स्थित निगम के जोन क्रमांक 13 और श्रम न्यायालय की इमारत को भी इसमें शामिल कर लिया जाएगा। इस बिल्डिंग के पुनरूद्धार के लिए इंटेक भी सहयोगी के रूप में नगर निगम का साथ दे रही है क्योंकि यह पुरातत्व महत्व की इमारत है और इंटेक ऐसी इमारतों को संवारने के लिए विशेषज्ञ संस्था मानी जाती है। सिविल वर्क पूरा होने के बाद में पर्यटन विभाग की ओर से स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के अंतर्गत इस म्यूजियम के डिजिटलाइजेशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी इसमें म्यूजियम को सैलानियों के लिए और इंटरेक्टिव बनाने के प्रयास किए जाएंगे इसके लिए यहां डिजिटल स्क्रीन लगाने के साथ ही अन्य मशीनें भी इंस्टाल की जाएंगी।
सबसे महत्वपूर्ण होगी धरोहरों की शिफ्टिंग
संग्रहालय बिल्डिंग का सिविल वर्क शुरू करने से पहले यहां मौजूद दुर्लभ कलाकृतियों का डाक्यूमेंटेशन किया जाएगा। इस डाक्यूमेंटेशन के दौरान कलाकृतियों की डिटेल नोट कर नंबरिंग की जाएगी, इसके बाद इन्हें कड़ी सुरक्षा में दूसरी जगह पर शिफ्ट किया जाएगा, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। जितने समय सिविल वर्क चलेगा, उतने समय तक इन कलाकृतियों को सुरक्षित रखने के लिए कड़ी सुरक्षा तैनात रहेगी। इसके बाद कलाकृतियों को वापस संग्रहालय में ले जाया जाएगा, जहां इन्हें नई गैलरियों में रखा जाएगा।
