देश के टॉप 10 थानों में देवास के सिविल लाइन थाने के डीजीपी ने एसपी और टीआई को किया सम्मानित

भोपाल, 23 जनवरी 2024। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा देश के 10 सर्वश्रेष्ठ थानों में देवास के सिविल लाइन थाने का चयन किया गया है। यह उपलब्धि प्राप्त करने पर डीजीपी सुधीर सक्सेना ने पुलिस मुख्यालय, भोपाल में देवास के एसपी संपत उपाध्याय और सिविल लाइन थाना, देवास के टीआई अजय चानना को केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा प्रदान किए गए सम्मान-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एडीजी (एससीआरबी) चंचल शेखर एवं एआईजी श्रीमती ऋचा चौबे उपस्थित रहे।
डीजीपी ने कहा कि सिविल लाइन थाना देवास का देश के टॉप 10 थानों में चयनित होना मध्यप्रदेश पुलिस के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इससे प्रेरणा लेकर प्रदेश के सभी थानों को बेहतर कार्य करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन मापदंडों पर केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा शीर्ष थानों का चयन किया जाता है, उनका विश्लेषण कर सभी थानों को उन मापदंडों पर खरा उतरने का प्रयास करना चाहिए ताकि भविष्य में अधिक से अधिक थानों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हो सके।
देश के 16955 थानों में से दसवां स्थान
प्रतिवर्ष देश के सभी थानों का मूल्यांकन कर, दस सर्वश्रेष्ठ थानों का चयन किया जाता है। इसी तारतम्य में वर्ष 2023 में थाना सिविल लाइन, जिला देवास का देश के 10 सर्वश्रेष्ठ थानों में चयन किया गया है। चयनित किए गए सभी थानों का मूल्यांकन उनके वार्षिक अभिलेख एवं मैदानी सर्वेक्षण के आधार पर किया जाता है। इसमें अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था की स्थिति, पुराने मामलों के निपटारे, सामुदायिक पुलिसिंग, अपराधों की दोषसिद्धि, थाना भवन, साफ-सफाई, नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधा एवं गृह मंत्रालय द्वारा चयनित स्वतंत्र टीम द्वारा थाना क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों, शिकायकर्ताओं से पूछताछ कर मूल्यांकन किया जाता है। इन सभी मापदंडों पर मूल्यांकन के बाद थाना सिविल लाइन, देवास को देशभर के 16955 थानों में से दसवां स्थान प्राप्त हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *