मुख्यमंत्री ने ओरछा के श्री रामराजा मंदिर में श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सजीव प्रसारण देखा

भोपाल – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज ओरछा में श्री रामराजा सरकार मंदिर में भगवान श्री राम की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्री रामलला की जन्मभूमि अयोध्या के भव्य, अलौकिक, दिव्य-नव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सजीव प्रसारण देखा। अयोध्या में श्री रामलला की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना के साथ मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की गई।
श्री रामराजा सरकार मंदिर, ओरछा में आचार्य पंडित वीरेन्द्र बिदुआ और उनके सहयोगियों के श्लोक एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। आदित्यादि नवग्रह मंडलम पीठ, सर्वोत्तोभद्र मंडलम पीठ, श्री गणेश गौरी पीठ, श्री षोडष मातृका पीठ की विधि पूजन किया। भगवान श्रीराम के चित्र पर पुष्प अर्पण करने के साथ ही मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ आरती भी की। पूजा संपन्न होने के बाद भजन गायिका सुश्री माधुरी मधुकर ने भगवान श्रीराम पर आधारित भजन प्रस्तुत किये। पूजन संपन्न कराने वाले आचार्य श्री वीरेन्द्र बिदुआ ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का पुष्पहार से स्वागत किया।
श्री रामराजा मंदिर में दर्शन एवं पूजा
अयोध्या के लाईव प्रसारण के बाद मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ मंदिर में श्री रामराजा सरकार के दर्शन कर पूजा अर्चना की। भगवान श्री राम से मध्यप्रदेश की समृद्धि और प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिये प्रार्थना की।
भोजन प्रसादी ग्रहण की
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ श्री रामराजा दरबार में चल रहे भंडारे में शामिल होकर भोजन प्रसादी ग्रहण की। श्री रामराजा मंदिर परिसर में बने पंडाल में एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी, जिस पर श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण किया जा रहा था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संस्कृति पर्यटन और धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी, निवाड़ी विधायक अनिल जैन, सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *