ग्वालियर में फर्जीवाड़े का अनोखा मामला, एक ही अंकसूची पर सरकारी नौकरी कर रहे थे दो भाई

ग्वालियर. शहर में फर्जीवाडे का अनोखा मामला सामने आया है, यहां एक ही अंकसूची पर दो भाई सरकारी नौकरी कर रहे थे। दोनों भाइयों ने एक ही अंकसूची पर सरकारी नौकरी हासिल की थी। एक भाई नगर निगम में सहायक वर्ग-3 के पद पर नौकरी कर रहा था और दूसरा भाई बुनकर संघ में कर्मचारी था। जब उसकी शिकायत की गई तो नगर निगम ने अंकसूची का वैरिफिकेशन माध्यमिक शिक्षा मंडल से करवाया, जहां अंकसूची फर्जी पाई गई। इस मामले में नगर निगम की ओर से एफआईआर दर्ज करवाई गई है। यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। नगर निगम के उपायुक्त की ओर से शिकायत की गई है कि नगर निगम में पदस्थ सहायक वर्ग-3 कैलाश कुशवाहा का भाई रणेंद्र सिंह कुशवाह राज्य पावर लूम बुनकर संघ में कर्मचारी है। रणेंद्र सिंह कुशवाह और कैलाश कुशवाहा ने नौकरी हासिल करने के लिए जो अंकसूचियां लगाई है वह एक ही है।
इस तरह किया फर्जीवाडा
कैलाश ने भाई की ही अंकसूची में हेरफेर कर नौकरी हासिल की। इसके बाद दोनों अंकसूची मंगवाई गई। इन्हें जांच के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल भेजा गया। यहां अंकसूची की जांच में पाया गया कि अंकसूची कैलाश कुशवाह के नाम पर है ही नहीं बल्कि जिस अंकसूची को उसने नौकरी ज्वाइन करते समय लगाया वह रणेंद्र सिंह के नाम पर ही है। रिकॉर्ड आते ही इसमे नगर निगम की ओर से जांच रिपोर्ट के साथ शिकायती आवेदन दिया गया। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *