कलेक्टर ने जेसी मिल क्षेत्र में पहुँचकर लिया सर्वे कार्य का जायजा 

ग्वालियर -जेसी मिल श्रमिकों के स्वत्वों संबंधी समस्याओं का समाधान के लिये तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। इस कड़ी में कलेक्टर अक्षय सिंह ने शनिवार को जेसी मिल क्षेत्र में पहुँचकर सर्वे कार्य का जायजा लिया। साथ ही सर्वे में संलग्न दल को जल्द से जल्द यह काम पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ज्ञात हो जेसी मिल के श्रमिकों के स्वत्वों का समाधान भी इंदौर के हुकुमचंद मिल की तर्ज पर होगा। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में भोपाल से आए अधिकारियों के दल ने जेसी मिल क्षेत्र का भ्रमण कर लिया है। साथ ही श्रमिक यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर श्रमिकों के स्वत्वों से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा भी दल द्वारा की गई थी।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान कहा कि जेसी मिल क्षेत्र में स्थित प्रत्येक आवास व अन्य परिसम्पत्तियों को सर्वे में शामिल करें। साथ ही सर्वे के साथ-साथ संबंधित पटवारी से खसरा व अक्स लेकर स्पष्ट नजरी नक्शा भी तैयार करें। उन्होंने अनुविभागीय राजस्व अधिकारी लश्कर को समस्त देनदारी एवं जेसी मिल की परिसम्पत्ति डिटेल का खसरेवार प्रजेण्टेशन तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं। एसडीएम ग्वालियर सिटी अतुल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उनके साथ थे।
बीएलओ द्वारा किए जा रहे डोर-टू-डोर सर्वे का निरीक्षण
कलेक्टर ने शनिवार को जेसी मिल क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत की जा रही कार्रवाई का भी जायजा लिया। उन्होंने खासतौर पर बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटि सुधार और मृत मतदाताओं के नाम हटाने के लिये भरवाए जा रहे फॉर्म की जानकारी ली। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से भी कहा है कि इस काम पर सतत निगरानी रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *