अचानक छाया कोहरा, हाईवे पर ग्वालियर जाने वाली साइड पर वाहन टकराते चले गए
मुरैना. कडाके की ठंड के बीच अचानक छाया कोहरे में नेशनल हाईवे पर एक के बाद एक वाहन टकराते चले गए। शनिवार की सुबह यह हादसा नेशनल हाईवे 44 पर मुरैन व नूराबाद के बीच हुआ। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई गंभीर घायल नहीं हुआ लेकिन हार्दवे की एक साइड पर दो घंटे से ज्यादा देर तक आवागमन बाधित रहा। सुबह से आसमान साफ था लेकिन 8 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और कोहरा छाने लगा। कोहरे का सबसे ज्यादा असर चंबल नदी किनारे, बीहड क्षेत्र और नेशनल हाईवे पर वहां सबसे ज्यादा था। जहां नदी, नहर और फसलों से लहलहाते खेत थे। कोहरा इतना घना था कि 15 से 20 मीटर दूर की चीजें भी धुंध में दिखाई देना बंद हो गया।
एक के बाद एक भिड़े कई वाहन
इसी घने कोहरे मे सुबह 9 बजे के करीब नेशनल हाईवे पर करुआ मोड़ के पास मुरैना से ग्वालियर जाने वाली साइड पर वाहन टकराते चले गए। सबसे पहले दो ट्रक भिड़े, जिसमें आगे जा रहे ट्रक को पीछे से रफ्तार में आए ट्रक ने टक्कर मार दी। टकराने के बाद हाईवे पर खड़े ट्रकों में दिल्ली से ग्वालियर की ओर जा रही इनोवा कार टकरा गई।
कार के सवार कुछ समझ पाते तभी उनकी कार को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे इनोवा कार आगे-पीछे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे के कारण हाईवे की एक साइड बुरी तरह जाम हो गई, जिससे वाहनों की कतार दूर तक लग गई। जाम खुलवाने के लिए एक लेन से दोनों ओर के वाहन निकालना शुरू किया, इसके बाद क्रेन मशीन की मदद से फंसे हुए ट्रकों को साइड में किया, इसके बाद 11 बजे के बाद हाईवे पर आवागमन बहाल हो सका।
