ग्वालियर व्यापार मेला में वाहन छूट का इंतजार खत्म, आज से आटोमोबाइल कारोबारी देंगे वाहन

ग्वालियर. ग्वालियर व्यापार मेला में आटोमोबाइल (दोपहिया और चार पहिया वाहन) की खरीद पर रोड टैक्स में 50 फीसदी की छूट शुक्रवार से ग्राहकों को मिलना शुरू हो जाएगी। छूट का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद भी आटोमोबाइल कारोबारी अभी तक शोरूम तो तैयार नहीं कर पाए लेकिन ग्राहकों के दवाब के चलते शुक्रवार से वाहनों की बिक्री शुरू कर देंगे। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने व्यापार मेले में वाहनों को बेचने के लिए तीस आटोमोबाइल संचालकों को ट्रेड सटिर्फिकेट जारी कर दिए। मेला प्राधिकरण कार्यालय के कक्ष में परिवहन अधिकारी और आटोमोबाइल संचालकों के बीच हुई बैठक के दौरान परिवहन अधिकारी एचके सिंह ने शुक्रवार से बिक्री करने के निर्देश दिए लेकिन इसमें एक शर्त रखी गई। परिवहन अधिकारी सिंह ने आटोमोबाइल डीलरों से कहा कि मैं ट्रेड लाइसेंस जारी कर छूट का लाभ लेता हूं, लेकिन 15 जनवरी तक सभी लोग अनिवार्य रूप से शोरूम तैयार कर लें। अगर 15 जनवरी तक शोरूम तैयार नहीं होंगे तो सभी के ट्रेड लाइसेंस वापस ले लूंगा।
बैठक के दौरान आटोमोबाइल डीलरों से परिवहन अधिकारी सिंह ने यह भी कहा कि सभी को अपने लेटर हेड पर यह लिखकर देना होगा कि 15 जनवरी तक शोरूम तैयार कर लिए जाएंगे। परिवहन अधिकारी सिंह की शर्त सभी डीलरों ने मान ली। इसके बाद शुक्रवार से वाहन बिक्री के लिए परिवहन कार्यालय से तीस ट्रेड लाइसेंस जारी कर दिए गए। बैठक के बाद परिवहन अधिकारी सिंह ने डीलरों के साथ आटोमोबाइल सेक्टर पहुंचकर बन रहे शोरूमों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिवहन अधिकारी सिंह ने डीलरों को फिर चेताया कि आप सब यह सुनिश्चित कर लें कि शोरूम 15 जनवरी तक बन जाएं। आज की स्थिति देखने पर नहीं लगता कि शोरूम तैयार हो जाएंगे। इसके साथ ही परिवहन अधिकारी सिंह ने आटोमोबाइल सेक्टर में बन रहे परिवहन कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डीलर हरिकांत समाधिया, केजे सिंह, संजय गर्ग, मुकेश अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *