टेंट के व्यवसाय विवाद में साले की हत्या करने वाले जीजा व उसके दो साथियों को किया गिरफ्तार

ग्वालियर- थाना महाराजपुरा क्षेत्रान्तर्गत बेहटा चौकी क्षेत्र में आगरा-झांसी हाइवे बाइपास रोड के पास मुन्नालाल शर्मा की प्लाटिंग की रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। उक्त सूचना पर पुलिस द्वारा कायम कर जांच में लिया गया। जांच में मृतक की पहचान उपेन्द्र सिंह पुत्र स्व0 जनक सिंह यादव उम्र 23 साल निवासी ग्राम लिलवारी थाना असवार जिला भिंड के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया जांच में पाया गया कि मृतक की हत्या गला घोंटकर किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा की गई है।
उक्त हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना महाराजपुरा पुलिस की टीम बनाकर हत्या के अज्ञात आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिये गये। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशो के परिपालन में सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना महाराजपुरा पुलिस की टीम बनाकर उक्त हत्या की घटना के आरोपियों की पतारसी हेतु लगाया गया। दौराने विवेचना एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस को एक संदेही भूरे उर्फ संजय यादव निवासी बरेछा थाना सेवड़ा जिला दतिया का नाम ज्ञात हुआ, जो कि मृतक का बहनोई है। संदेही को पुलिस द्वारा तलव किया जाकर उक्त हत्या की घटना के संबंध में पूछताछ की गई तो उसके द्वारा पहले पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास किया गया। बार-बार उसके कथनों में विरोधाभास होने पर पुलिस टीम द्वारा गहनता से पूछताछ की गई तो उसके द्वारा अपने दो अन्य दोस्तों के साथ मिलकर उक्त हत्या की घटना करना स्वीकार किया। संदेही के द्वारा अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताये गये जिन्हे पुलिस टीम द्वारा पकड़ा गया और पूछताछ में उन दोनों के द्वारा भी हत्या करना स्वीकार किया। पकड़े गये उक्त दोनों आरोपियों से नाम पता पूछने पर 1. चालीराजा उर्फ मामा पुत्र बहादुर बुंदेला निवासी ग्राम देवरदा थाना बलदेवगढ़ जिला टीकमगढ़ 2. उमर मोहम्मद पुत्र खालिद मोहम्मद निवासी ग्राम बरेछा थाना सेवड़ा जिला दतिया के होना पाये गये।
पकड़े गये आरोपी भूरे उर्फ संजय यादव ने पूछताछ में बताया कि मृतक व वह रिश्तेदार हैं तथा दोनों मिलकर टेंट का व्यवसाय करते थे। लेकिन टेंट के व्यवसाय में आपसी विवाद होने से मृतक आरोपी को गालियां देता था, इस बात से खिन्न होकर आरोपी के द्वारा अपने दो अन्य दोस्तों के साथ मिलकर मृतक उपेन्द्र सिंह को मारने की योजना बनाई। उसके द्वारा मृतक को बड़ेगांव के पास बुलाया और अपनी कार में बैठाकर प्लाट दिखाने के बहाने से बेहटा हाइवे के पास ले गया। तीनों आरोपियों ने मिलकर रस्सी से गला घोंटकर उपेन्द्र यादव की हत्या कर दी। पुलिस आरोपियों को रिमाण्ड पर लेकर हत्या मेें प्रयुक्त कार, रस्सी तथा आरोपियों के मोबाइल बरामद करेगी। पकड़े गये आरोपियों में भूरे उर्फ संजय यादव के विरूद्ध मारपीट के प्रकरण तथा चालीराजा उर्फ मामा के खिलाफ धारा 354 भादवि व आर्म्स एक्ट के प्रकरण पंजीबद्ध हैं और वह भिण्ड जिले में गोली चलाने की घटना करना भी बता रहा है एवं उमर मोहम्मद पूर्व में हत्या के अपराध में वांछित रहा है। आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में जानकारी ली जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. भूरे उर्फ संजय यादव निवासी बरेछा थाना सेवड़ा जिला दतिया
2. चालीराजा उर्फ मामा पुत्र बहादुर बुंदेला निवासी ग्राम देवरदा थाना बलदेवगढ़ जिला टीकमगढ़
3. उमर मोहम्मद पुत्र खालिद मोहम्मद निवासी ग्राम बरेछा थाना सेवड़ा जिला दतिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *