जरूरतमंदों को रोजगार देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता – मुख्यमंत्री 

हुकमचंद मिल इंदौर की तर्ज पर किया जायेगा जेसी‍ मिल के श्रमिकों के स्वत्वों का भुगतान
ग्वालियर -मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जरूरतमंदों को रोजगार देना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए पर्यटन, वन, खनिज, उद्योग व सेवा क्षेत्र सहित सभी सेक्टर को शामिल कर रोजगार देने की कार्ययोजना बनाएँ। कार्ययोजना ऐसी हो जिससे हर सेक्टर से जरूरतमंदों को रोजगार मिले, इसकी जिलेवार तैयारी करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर में आयोजित हुई संभागीय समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने संभाग की कानून व्यवस्था की समीक्षा भी बैठक में की। बैठक में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। संभाग आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएँ हैं। यहाँ किला सहित अन्य ऐतिहासिक इमारतें, जलाशय व अकूत वन संपदा उपलब्ध है। इसलिए पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये रोजगारपरक योजना तैयार करें।
जेसी मिल के श्रमिकों के स्वत्वों के समस्याओं के समाधान
बैठक में यह भी कहा कि जेसी मिल के श्रमिकों के स्वत्वों से संबंधित समस्याओं के समाधान को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है। उन्होंने कहा इंदौर के हुकुमचंद मिल की तर्ज पर सरकार जेसी मिल श्रमिकों के स्वत्वों का भुगतान भी करायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने ग्वालियर कलेक्टर को श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिये जल्द से जल्द कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जो कार्य पूर्णता की ओर है उन्हें फरवरी माह तक पूरे कराएँ। साथ ही विकास कार्यों की सूचना जनप्रतिनिधियों को भी दी जाए। उन्होंने ग्वालियर शहर को स्वच्छता में अव्वल बनाने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी बल दिया।
मिलजुलकर करेंगे प्रदेश का विकास, मतभिन्नता को आड़े नहीं आने दिया जायेगा 
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों से कहा कि हम सब मिलजुलकर और दलगत भावना से ऊपर उठकर विकास में प्रदेश को ऊँचाईयों पर पहुँचायेंगे। मतभिन्नता को विकास कार्यों के बीच आड़े नहीं आने दिया जायेगा। सरकार दलगत भावना से ऊपर उठकर सभी के सुझावों को सम्मान देगी और अच्छे सुझावों पर अमल भी किया जायेगा। उन्होंने नई रेलवे लाईन सहित रेल सेवाओं की बढ़ोत्तरी के सुझाव देने के लिए भी जनप्रतिनिधियों से कहा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे बड़े भाव लेकर साथ में बैठें और प्रदेश को प्रगति के पथ पर और तेजी से आगे बढ़ाएँ। उन्होंने कहा इसी उद्देश्य को लेकर वे स्वयं सभी संभागों में बैठक लेकर क्षेत्रीय कठिनाईयों व समस्याओं को जानने का प्रयास कर रहे हैं।
नेशनल हाईवे से जुड़े गाँवों को अनिवार्यत: मिले कनेक्टिविटी 
बैठक में निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्गों के नजदीक बसे गाँवों को नेशनल हाईवे से कनेक्टिविटी अनिवार्यत: मिले। इसलिये टेंडर के समय इसका ध्यान रखें। साथ ही जो राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माणाधीन हैं, वहाँ विशेष ध्यान देकर संबंधित ग्रामों को मुख्य सड़कमार्ग से जुड़वाएँ।
रतनगढ़ बहुउद्देश्शीय परियोजना में रूकावट जल्द से दूर करने के निर्देश
दतिया जिले में मूर्तरूप ले रही रतनगढ़ बहुउद्देश्यीय सिंचाई परियोजना को पूरा करने में आ रही रूकावट जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिए। भोपाल से ऑनलाइन जुड़ी प्रदेश की मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा से उन्होंने कहा कि वन विभाग  से संबंधित इस सिंचाई परियोजना की बाधा को दूर कराएँ। उन्होंने ग्वालियर – भिण्ड फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण को भी जल्द से जल्द धरातल पर लाने के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *