CM मोहन यादव ने शाजापुर कलेक्टर को हटाया
भोपाल. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शाजापुर कलेक्टर किशोर कन्याल को हटाने के निर्देश जारी कर दिए है। नरसिंहपुर कलेक्टर ऋजु बाफना को शाजापुर का नया कलेक्टर बनाया गया है।

सीएम मोहन यादव ने कहा यह बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके ध्यान में लाया गया कि कल शाजापुर ट्रक ड्राइवर और जिला प्रशासन की बैठक में इस तरह की भाषा बोली गई थी। एक अधिकारी को इस तरह की भाषा बोलना उचित नहीं है। खासकर यह सरकार तो गरीबों की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम गरीब उत्थान के लिए काम करते है। ऐसे में हरेक अधिकारी को चाहे वह कितना भी बडा अधिकारी हो उसे गरीब के काम का भी सम्मान करना चाहिये और भाव का भी सम्मान करना चाहिये। ऐसे अधिकारी को मैदान में रहने का अधिकारी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मनुष्यता के नाते ऐसी भाषा हमारी सरकार में बर्दाश्त नहीं। मैं खुद मजदूर परिवार को बेटा हूं, इस तरह की भाषा बोलना उचित नहीं है। अधिकारी भाषा और व्यवहार का ध्यान रखें।
कलेक्ट्रेट में थी चालकों की बैठक
उल्लेखनीय है कि वाहन चालकों की हड़ताल के बीच कल शाजापुर कलेक्ट्रेट में हड़ताल के चलते बने हालात से निपटने और वाहन चालकों से चर्चा करने के लिए बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में एक ड्राइवर ने कहा था कि तीन दिन तक हमारी हड़ताल है, इसके बाद हम कुछ भी करेंगे।
तब भड़क गए थे कलेक्टर
इस पर कलेक्टर किशोर कन्याल भड़क गए थे और बोले थे कि फालतू बात मत करना यहां पर। क्या करोगे क्या औकात है तुम्हारी। कोई कानून को अपने हाथ में लेगा। यह बात समझ लीजिये। ड्राइवर बोला कि हमारी यही तो लड़ाई है कि हमारी कोई औकात नहीं है।
