हिट एंड रन कानून में टक्कर मारकर भागे तो 10 साल की जेल और 7 लाख का जुर्माना, ट्रक-बस ड्रायवरों की हड़ताल

नई दिल्ली. केन्द्र सरकार के नये हिट एंड रन कानून के विरोध में ट्रक, डम्पर और बस ड्रायवर सड़कों पर उतर आये हैं। सब्जी, पेट्रोल-डीजल जैसी बुनियादी चीजों की सप्लाई करने वाली ट्रांसपोर्ट सेवायें भी ठप्प पड़ती जा रही है। देश के अलग-अलग शहरों में लोग परेशान हो रहे हैं।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने वाले लोग घंटों तक बस स्टॉप पर बसों का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन उन्हें कोई पब्लिक ट्रांसपोर्ट वाहन नहीं मिल रहे हैं। पेट्रोल-डीजल की सप्लाई भी बाधित होने की वजह पेट्रोल पम्पों मे ईधन खत्म होने की बात सामने आ रही है। जिसके बाद पेट्रोल पम्प और गैस स्टेशन पर ईधन भरवाने वाले वाहनों की कतारें लग रही है।
क्यों हड़ताल पर हैं ट्रक-बस चालक
दरअसल, केंद्र सरकार ने हिट एंड रन को लेकर नए कानून बनाए हैं, जिसके तहत अगर कोई ट्रक या डंपर चालक किसी को कुचलकर भागता है तो उसे 10 साल की जेल होगी. इसके अलावा 7 लाख रुपये जुर्माना भी देना होगा. पहले इस मामले में कुछ ही दिनों में आरोपी ड्राइवर को जमानत मिल जाती थी और वो पुलिस थाने से ही बाहर आ जाता था. हालांकि, इस कानून के तहत भी दो साल की सजा का प्रावधान था. लेकिन नया कानून लागू होने के बाद दोषी को अब दस साल जेल में रहना होगा. हालांकि, घायल को अस्पताल पहुंचाने पर कुछ रियायत का प्रावधान है. ट्रक और डंपर चालक इस कानून का ही विरोध कर रहे हैं।
महाराष्ट्र में हिंसक हुआ विरोध-प्रदर्शन
महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर आंदोलन हिंसक हो गया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गुजरने वाले वाहनों पर पथराव किया और पुलिस के साथ झड़प की. नवी मुंबई के नेरुल में सुबह ट्रक चालकों के एक समूह ने एक पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया, जिससे एक पुलिसकर्मी घायल हो गया. इसके बाद पुलिस को मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग पर जमा भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।
पहले और अब के कानून में क्या बदलाव
अब तक हादसा होने पर ड्राइवरों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279 यानी लापरवाही से वाहन चलाने, 304ए यानी लापरवाही से मौत और 338 यानी जान जोखिम में डालने के तहत केस दर्ज किया जाता रहा है, लेकिन नए कानून में मौके से फरार होने वाले ड्राइवर के खिलाफ 104(2) के तहत केस दर्ज होगा. पुलिस या मजिस्ट्रेट को सूचित ना करने पर उसे 10 साल की कैद के साथ जुर्माना भी देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *