तहसीलदार ने बनवाए 916 फर्जी BPL राशन कार्ड, पटवारी के साइन तक नहीं, एसडीएम ने किए निरस्त

मुरैना. जौरा एसडीएम प्रदीप तोमर ने 916 फर्जी बीपीएल राशन कार्ड निरस्त किए है। बीते 20 दिन में जौरा एसडीएम 1 हजार 286 बीपीएल राशन कार्ड निरस्त कर इन फर्जी गरीबों के नाम गरीबी रेखा की सूची से साफ करवा चुके है। दरअसल जौरा में तीन से पांच हजार रुपये की घूस लेकर अपात्रों के बीपीएल राशन कार्ड बनाने का खेल पूर्व तहसीलदार नरेश शर्मा के कार्यकाल में जमकर चला जिसकी परतें अब खुलती जा रही है। यह मामला बडे स्तर पर जा पहुंचा है, जिसमें वर्तमान में भिंड जिले में पदस्थ तहसीलदार नरेश शर्मा पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। जौरा एसडीएम प्रदीप तोमर ने जिन 916 फर्जी बीपीएल राशन कार्ड को निरस्त किया है उनमें जौरा तहसील के 36 गांवा के लोगों के नाम है। यह सभी राशन कार्ड तत्कालीन तहसीलदार नरेश शर्मा के कार्यकाल 1 सितंबर 2022 से 27 मार्च 2023 के बीच बने है जिसमें अधिकांश अपात्र है।
इन फर्जी बीपीएल राशनकार्ड और हजारों रुपये लेकर बीपीएल राशनकार्ड बनाए जाने की शिकायत पूर्व विधायक महेशदत्त मिश्रा ने संभाग आयुक्त तक से की थी। इसी शिकायत के बाद 17 मई को कलेक्टर अंकित अस्थाना ने जांच के आदेश दिए। जांच करने वाले एसडीएम प्रदीप तोमर ने 5 दिसंबर को 370 फर्जी बीपीएल राशनकार्ड निरस्त किए थे इसके बाद अब 916 फर्जी गरीबों पर कार्रवाई की है। अब प्रशासन जांच कर रहा है कि इन फर्जी बीपीएल कार्ड से अपात्र लोगों ने राशन के साथ किन-किन योजनाओं का लाभ गलत तरीके से लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *