पहली कैबिनेट में मंत्रियों के बैठने को लेकर बना असमंजस, विभागों के तय होने के साथ ही प्रमुख सचिवों को मंत्री के स्टाफ की चिंता

भोपाल. मोहन कैबिनेट के विस्तार के बाद हुई पहली कैबिनेट बैठक में मंत्रियों के बैठने के लिये तय स्थानों पर नाम पट्टिका नहीं लगी होने का मामला सामने आया है और इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग (GAD)के अधिकारियों ने आनन-फानन में नाम पट्टिका तैयार कराई है। दूसरी ओर मंत्रियों के लिये अभी विभागों का बटवारा होना शेष है। लेकिन इस दौरान मंत्रालय में पदस्थ प्रमुख सचिवों की चिंता बढ़ गयी है। यह अधिकारी अब मंत्रियों के विभाग तय होने के बाद वहां पदस्थ किये जाने वाले स्टाफ और सुविधाओं को लेकर अधीनस्थों से जानकारी जुटा रहे हैं।
खासतौर पर जिन विभागों के प्रमुख सचिवों ने पूर्व में मंत्रियों के स्टाफ की व्यवस्था का काम नहीं कराया है। वह इसको लेकर अधिक सतर्क हैं। राज्य शासन के सभी 52 विभागों के लिये मंत्रियों के नाम की घोषणा आज कल में होना है। इसे देखते हुए हुए मंत्रालय में विभाग के प्रमुख सचिव या सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे IAS  अधिकारियों ने GAD और पूर्व मंत्रियों के स्टाफ में रहे कर्मचारियों व अधिकारियों से यह जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। मंत्री स्टाफ में किस स्तर के अधिकारी कर्मचारी रहते हैं। उन्हें कितने लैपटॉप, कम्प्यूटर, स्टेनोग्राफर, टायपिस्ट और अन्य स्टाफ दिये जाते हैं इसके अलावा फर्नीचर, स्टेशनरी, एसी और अन्य सुविधाजनक सामग्री के बारे में भी अधिकारी जानकारी जुटा रहे हैं।

जीएडी को भी विभाग वितरण का इंंतजार
दूसरी ओर GAD के अफसरों का कहना है कि अभी दो उप मुख्यमंत्रियों के स्टाफ के लिए कुछ कर्मचारियों की तैनाती की गई है और जब विभाग तय हो जाएंगे तो मंत्रियों की पसंद के अलावा विभागों से उनके लिए स्टाफ उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए मंत्रियों द्वारा जो सुविधा मांगी जाएगी वह विभाग की ओर से भी दी जाएगी और जीएडी के माध्यम से उनकी स्टाफ में तैनाती होगी। मंत्रियों के स्टाफ के साथ अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी विभाग काम करेंगे।
कैबिनेट कक्ष में लगाई नाम पट्टिका
सोमवार को शपथ के बाद अगले ही दिन कैबिनेट बैठक बुलाए जाने के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के फैसले के बाद जीएडी अफसरों ने मौके की गंभीरता को भांपते हुए कैबिनेट की बैठक के तुरंत बाद कैबिनेट कक्ष में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और मंत्रियों के नाम की पट्टिका लगा दी है। इसके लिए आनन-फानन में पट्टिका मंगाकर कुर्सियों के सामने लगाई गई है ताकि अगली बैठक होने पर मंत्रियों को अपनी वरिष्ठता क्रम के आधार पर सीट तलाशने में दिक्कत न हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *