कर्णमहल पर ताल दरबार से बनेगा विश्व रिकॉर्ड, 1600 तबला वादक देंगे थाप
ग्वालियर. यूनेस्को ने ‘‘सिटी ऑफ म्यूजिक’’ ऐसे ही घोषित नहीं किया गया है, ग्वालियर विश्व में तीसरा ऐसा शहर है जिसे यह खिताब मिला है। यही वजह है कि इस बार 99वां तानसेन समारोह अद्भुत होने जा रहा है। इस बार ग्वालियर ऐतिहासिक दुर्ग पर विश्व रिकॉर्ड बनाने जा रहा है। 25 और 26 दिसम्ब की शाम 5.30 बजे ग्वालियर किला स्थित कर्णमहल के पास तबला दरवार लगेगा। यह तबला दरवार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में लगेगा।
तबला दरबार में शामिल होंगे सीएम
इस ‘‘तबला दरबार’’ में देश के आधा सैकड़ा शहरों के 1600 से अधिक तबला वादक एक साथ बैठकर तबला पर थाप देंगे। विशाल मंच पर एक साथ 1600 कलाकार तबला बजायेंगे तो यह अपने आप में विश्व कीर्तिमान बनेगा। इसके लिये ‘‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉड’’ की टीम ग्वालियर आ रही है जो पूरे रिकॉर्ड के संबंध में दस्तावेज तैयार करेगी। ग्वालियर में इस ऐतिहासिक व अद्भुत तबला दरबार को देखने के लिये कई शहरों से लोग आ रहे हैं।
एक लाइन में बैठेगें 160 तबला वादक
ग्वालियर में 18560 वर्ग फीट के मंच को स्टेप वाइज बनाया गया है। मतलब पूरा मंच 10 स्टेज (सीढ़ियोंनुमा) बनाया जा रहा है। एक स्टेज पर करीब 160 तबला वादक विराजमान होंगे। इस तरह 10 स्टेज वाले मंच पर 1600 से ज्यादा तबला वादक बैठकर तानसेन सम्राट को सच्ची श्रद्धांजलि देंगे। मंच के आगे अतिथियों के बैठने के लिए पंडाल लगाया जाएगा।
