मेरी झोंपड़ी में राम आयेंगे भगवान राम मंदिर हो रहा है तैयार

अयोध्या. भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा में एक माह शेष है। सबके मन ममें जिज्ञासा है कि भगवान राम की मूर्ति कैसी होगी? मंदिर कैसा बना है? खासियत क्या है। ऐसे ही सवालों के जवाब चन्द्रकांत सोमपुरा से लिये। सोमपुरा ने ही अयोध्या के श्रीराम मंदिनर की पूरी डिजाइन तैयार की है। इन्हीं की देखरेख में पूरा निर्माण हो रहा है।
चंद्रकांत सोमपुरा ने कहा- मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के लिए तैयार है। गर्भगृह में वो आसन भी आकार ले चुका है, जहां रामलला विराजेंगे। हम 5.5 फीट की तीन मूर्तियां बना रहे हैं। एक श्याम रंग की, दूसरी गहरे काले शालिग्राम पत्थर की और तीसरी सफेद पत्थर की। मंदिर ट्रस्ट 29 दिसंबर को इनमें से एक मूर्ति तय करेगा। उसी की प्राण-प्रतिष्ठा होगी।गर्भगृह से बाहर निकलते ही सामने गणपति और हनुमानजी की मूर्ति स्थापित होगी। मंदिर के सामने गरुड़जी की मूर्ति लगाई जा रही है। प्राण-प्रतिष्ठा मंदिर की दूसरी मंजिल पर होगी। यहीं राम दरबार भी बनाया गया है। यहां भगवान श्रीराम, मां जानकी, लक्ष्मणजी और हनुमानजी की मूर्ति होगी।

हर पिलर में लगभग 16-16 मूर्तियां उकेरी गई हैं
चंद्रकांत सोमपुरा ने बताया कि भारत में मंदिर डिजाइन करने की 16 शैलियां हैं। इनमें 3 प्रमुख हैं। उत्तर भारत में नागर शैली, दक्षिण में द्रविड़ और मध्य-पूर्व भारत में पैगोडा शैली। अयोध्या मंदिर नागर शैली में है। सोमनाथ, स्वामीनारायण, अंबाजी मंदिर इसी शैली में बने हैं। आठ दिशाएं, अष्ट भुजाएं और विष्णु के आठ स्वरूपों को ध्यान में रखकर गर्भगृह अष्टकोण बनाया है।
नक्काशी में भगवान श्रीराम के वो 16 गुण नजर आएंगे, जिनकी बदौलत वे मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाए। गर्भगृह इस तरह बनाया है कि भक्तों को 25 फीट दूर से रामलला के दर्शन हों। मंदिर पूरी तरह तैयार होने में 1 साल और लगेगा। अयोध्या कॉरिडोर बनने में भी डेढ़ से 2 साल लगेंगे।मंदिर में विष्णु के दशावतार, 64 योगिनी, 52 शक्तिपीठ और सूर्य के 12 स्वरूप की मूर्तियां भी उकेरी गई हैं। हर पिलर में लगभग 16-16 मूर्तियां उकेरी गई हैं। मंदिर में ऐसे कुल 250 पिलर हैं।
