ABVP के कार्यकर्त्ताओं ने सोमवार की रात पड़ाव थाना पर हंगामा कर किया घेराव
ग्वालियर. रविवार-सोमवार की दरमियानी रात का विश्वविद्यालय के कुलपति को जज की कार में बिना परमिशन डालकर ले जाने पर पुलिस ने ABVP के 2 छात्रों को राउंडअप किया है। जिस पर ABVP के कार्यकर्त्ताओं ने सोमवार की रात पड़ाव थाना पर हंगामा कर घेराव कर दिया है। एबीवीपी का कहना है कि उनके साथियों ने किसी की जान बचाने के लिये यह कदम उठाया था और इसके बाद भी उन पर मामला दर्ज किया गया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सदस्यों ने पड़ाव थाना का घेराव किया है। रात 1 बजहे तक प्रदर्शन जारी था। इस मामले में जज के वाहन चालक की शिकायत पर छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गयी।
क्या है पूरा मामला
उत्तर प्रदेश पीके विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर रणजीत सिंह पुत्र गणपत सिंह यादव (59) अभी दिल्ली के द्वारिका सेक्टर में रहते हैं। मूल रूप से वह राजस्थान के बीकानेर रेवाड़ी के रहने वाले हैं। रविवार रात को वह दक्षिण एक्सप्रेस से अपने कुछ छात्रों के साथ दिल्ली से झांसी के लिए आने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। आगरा निकलते ही उनकी तबियत बिगड़नी जो मुरैना आते-आते काफी खराब हो गई। उनके साथ चल रहे छात्रों ने मुरैना में रेलवे से तत्काल चिकित्सा सुविधा मांगी, लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सकी बल्कि उनको बताया कि ग्वालियर स्टेशन के बाहर एम्बुलेंस 24 घंटे अलर्ट रहती है वहां से उन्हें सीधे अस्पताल ले जाया जा सकता है। जब स्टेशन पर उनके साथ आए छात्रों ने उनको ट्रेन से उतारा तो वहां कोई एम्बुलेंस नहीं मिली, जबकि वाइस चांसलर की हालत बेहद नाजुक थी। छात्र-छात्राएं बीमार चांसलर को लेकर जब ग्वालियर स्टेशन के पोर्च में पहुंचे तो एक खड़ी कार में लिटा दिया। यह कार ग्वालियर हाई कोर्ट के एक जज की थी। जज को लेने के लिए उनका गनर अंदर गया था। बाहर वाहन चालक गाड़ी में बैठा था। छात्रों को उसने मरीज को हटाने और गाड़ी को खाली करने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन छात्र चालक को धक्का देकर वाइस चांसलर को हॉस्पिटल के लिए लेकर निकल गए।
हिमांशु व सुक्रत को हिरासत में लिया
इस मामले में जज के वाहन चालक की शिकायत पर पुलिस ने मालला दर्ज कर ABVP के दो छात्रों हिमांशु व सुक्रत को हिरासत में लिया है। जब यह बात ABVP के कार्यकर्ताओं व नेताओं को पता लगी तो उन्होंने पड़ाव थाना का घेराव कर हंगामा कर दिया। रात करीब 1 बजे तक सैकड़ों छात्र पड़ाव थाना पर प्रदर्शन कर रहे थे। पूरे थाना को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। रात तक पुलिस हंगामा कर रहे छात्रों से बात करने का प्रयास कर रही थी।
