धीरेंद्र शास्त्री को जान से मारने की धमकी देने और फिरौती मांगने वाला आरोपित बिहार से गिरफ्तार

छतरपुर. बागेश्वरधाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को हत्या करने की धमकी देकर 10 लाख रुपये मांगने वाले आरोपित आकाश शर्मा को छतरपुर जिले की पुलिस ने बिहार के नालंदा से गिरफ्तार किया और उसे लेकर यहां आई। शनिवार को राजनगर तहसील कोर्ट में उसे पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। बता दें कि 19 अक्टूबर को ईमेल के माध्यम से गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गैंग के नाम से कथावाचक को धमकी दी गई थी। थाना बमीठा में मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपित को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है।
जानकारी के अनुसार पहली ईमेल में 24 घंटे का समय देते हुए रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। कोई जवाब नहीं मिलने पर आरोपित ने 22 अक्टूबर को दूसरी ईमेल भेजी। जब आरोपित की दूसरी मेल आई तो पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने साइबर सेल व इंटरपोल की सहायता से स्विट्जरलैंड की एजेंसियों से जानकारी हासिल की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इसी के बाद बिहार के नालंदा जिला स्थित ग्राम शंकरडीह निवासी (हाल निवास कंकड़बाग, पटना) आकाश शर्मा को गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। हालांकि, उसका बिश्नोई गैंग से सीधा कनेक्शन नहीं मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *