वाहन चोर व खरीददारों से 12 बाइक व एक एक्टिवा की जप्त
पैर से विकलांग शातिर वाहन चोर के कब्जे से चोरी की 10 मोटर साइकिल व 01 एक्टिवा की बरामद।
पकड़े गये शातिर चोर की निषादेही पर चोरी की मोटर साइकिल खरीदने वालों को पकड़कर उनके पास से भी 02 चोरी की मोटर साइकिल की बरामद।
पुलिस टीम द्वारा कुल 12 मोटर साइकिल एवं 01 एक्टिवा कुल कीमती लगभग 3,20,000/- रूपये की बरामद की हैं।
ग्वालियर। ग्वालियर जिले में वाहन चोरों एवं चोरी की घटनाओं पर रोकथाम एवं आरोपियों की धरपकड़ हेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में थाना बहोड़ापुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना बहोड़ापुर क्षेत्रांतर्गत बरा रोड पार्क के पास एक व्यक्ति चोरी की अपाचे मोटर साइकिल लिए बेचने की फिराक में खड़ा हुआ है जो कि पैर से लगड़ा है तथा वह चोरी की मोटर साइकिल को खरीदने व बैचने का काम करता है।
थाना बल की टीम को बताये स्थान बरा रोड पार्क के पास कार्यवाही हेतु भेजा गया। पुलिस टीम को मौके पर मुखबिर के बताये हुलिया का एक व्यक्ति सफेद रंग की अपाचे मोटर साइकिल लिए खड़ा दिखा, जिसने पुलिस टीम को देखकर मोटर साइकिल स्टार्ट कर भागने का प्रयास किया, परन्तु पुलिस टीम द्वारा उसे घटनास्थल पर ही पकड़ लिया गया। पकड़े गये व्यक्ति का नाम पता पूछने पर उसने स्वयं को ग्राम भग्गू का पुरा थाना गोहद जिला भिंड हाल इस्लामपुरा गोहद भिंड का होना बताया। उसके कब्जे से अपाचे मोटर साइकिल एमपी06-एमएस-8020 के संबंध में पूछताछ करने पर उसने पहले तो पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन गहनता से पूछताछ करने पर उसने उक्त अपाचे मोटर साइकिल पिछले माह बालाजी मंदिर गरगज कालोनी से चोरी करना बताया, जिसका प्रकरण दर्ज है। पुलिस द्वारा उक्त व्यक्ति को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई तो उसके द्वारा पिछले 1-2 माह में बहोडापुर क्षेत्र एवं शहर के अन्य स्थानों से मोटरसाइल चोरी कर उन्हे ग्राहक तलाश कर सस्ते दामांे पर बेचना बताया। आरोपी ने बताया कि उसके द्वारा बहोड़ापुर में सागरताल शिववाटिका एवं बड़े पार्क आनंद नगर से मोटर साइकिल चोरी की गई थी, जिनमे से डोंगरपुर शिंदे की छावनी निवासी व्यक्ति को एक मोटर साइकिल एवं एक मोटर साइकिल गोहद के रहने वाले व्यक्ति को 5-5 हजार रुपये मे बेचना बताया। उसने बताया कि उक्त दोनों व्यक्ति ट्रांस्पोर्ट नगर पार्किंग क्रमांक 1 में मौजूद हैं एवं अपाचे मोटर साइकिल बेचने के लिए उन्हे ही दिखाने वाला था। बाद आरोपी के कब्जे से मिली अपाचे बाइक के चैसिस क्रमांक एवं इंजन क्रमांक की जांच की गई तो उक्त मोटरसाइकिल थाना बहोड़ापुर के अपराध क्रमांक 1045/23 में चोरी होने से मौके पर विधिवत जप्त किया गया। पुलिस टीम आरोपी को लेकर पार्किंग क्रमांक 1 टीपी नगर पहुंची, जहां पकड़े गये आरोपी द्वारा दूर खड़े होकर चोरी की मोटर साइकिल खरीदने वालों के संबंध में बताया जो कि मोटर साइकिलों पर बैठे हुए थे।
उसके बाद पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये आरोपी की निषादेही पर शंकरपुर में बंद पडे़ क्रेशर के सामने बनी एक कुठरिया के अंदर से बैचने के लिए छुपाई गई 09 मोटर साइकिलों व 01 एक्टिवा को बरामद किया गया, जो कि उसके द्वारा थाना क्षेत्र व शहर के विभिन्न भागों से चोरी की गई थी। इस प्रकार पुलिस टीम द्वारा आरोपी व खरीदने वालों के कब्जे से कब्जे से कुल 12 मोटर साइकिलों एवं 01 एक्टिवा को विधिवत जप्त किया गया।
