मुख्य सचिव बनी वीरा राणा, बैंस के सेवानिवृत्त होने के बाद गुरूवार को संभालेंगी पदभार

भोपाल. माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष और अपर मुख्य सचिव स्तर की अधिकारी वीरा राणा को मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बुधवार की रात लगभग 9 बजे सामान्य प्रशासन विभाग ने इससे संबंधित आदेश जारी किये। श्रीमति वीरा राणा निवर्तमान मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के बाद सबसे सीनियर अधिकारी हैं उन्हें वर्ष 2024 के मार्च में सेवानिवृत्त होना है।
1988 बैच की आईएएस वीरा राणा अगले आदेश तक माध्यमिक शिक्षा मंडल अध्यक्ष और कृषि उत्पादन आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार के साथ मुख्य सचिव के कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी । वह 30 नवम्बर को बैंस की सेवानिवृत्ति के बाद कार्यभार संभालेंगी। श्रीमति राणा ने बुधवार की शाम को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की थी।
इससे पहले बैंस को 30 नवम्बर 2022 को सेवानिवृत्त होना था लेकिन इसके ठीक एक दिन पूर्व 29 नवम्बर की रात उन्हें 6 माह के लिये 30 मई 2023 तक एक्सटेंशन दे दिया गया। 30 मई आयी तो मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव का समय लगभग था। ऐसे में इकबाल सिंह बैंस को दोबारा 6 माह के लिये नवम्बर 2023 तक सेवा विस्तार दिया गया था।
मुख्यसचिव की लाइन में थे यह अधिकारी
मई 2023 में बैंस को दूसरा एक्सटेंशन देने के पहले केन्द्र में पदस्थ अजय तिर्की और अनुराग जैन के नामों को लेकर खासी चर्चा हुई थी। तिर्की दिसम्बर 2023 में सेवानिवृत्त हो रहे हैं जबकि अनुराग जैन का रिटायरमेंट अगस्त 2025 में होना है। जैन से भी सीनियर 2 आईएएस संजय बंदोपाध्याय और वीरा राणा हैं। केन्द्र में पदस्थ बंदोपाध्याय अगस्त 2024 में रिटायर होंगे।

CS इकबाल सिंह बैंस को दो बार 6-6 माह के लिए एक्सटेंशन दिया जा चुका है।

जब बैंस के दूसरे एक्सटेंशन की अवधि खत्म होने पर आई तो मुख्य सचिव के लिए अन्य दावेदारों में डॉ. राजेश राजौरा, एसएन मिश्रा और मलय श्रीवास्तव के नाम भी सामने आए थे। ये सभी 1990 बैच के अफसर हैं।इन अफसरों के अलावा ACS स्तर के जो अधिकारी CS की पात्रता रखते हैं, उनमें जुलाई 2025 में रिटायर होने वाले ACS हेल्थ मो. सुलेमान के साथ केंद्र में पदस्थ 1989 बैच के आशीष उपाध्याय का नाम भी शामिल रहा था। वे सितंबर 2024 में रिटायर होंगे। इसी बैच के राजीव रंजन भी केंद्र में पदस्थ हैं, लेकिन वे अगले महीने सेवानिवृत हो जाएंगे।1989 बैच के विनोद कुमार ACS जीएडी और इसी बैच के ACS पशुपालन जेएन कंसोटिया का नाम भी मुख्य सचिव के लिए सामने आया था। विनोद कुमार मई 2025 और कंसोटिया अगस्त 2025 में रिटायर होंगे। मई 2024 में रिटायर होने वाले 1990 बैच के एके राय अध्यक्ष राजस्व मंडल ग्वालियर का भी नाम भी सीएस की रेस में शामिल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *