MP में NIA का छापा, पाकिस्तान समर्थित गजवा-ए-हिंद मामले में संदिग्ध से 4 घंटे पूछताछ
देवास. राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पाकिस्तान समर्थित गजवा-ए-हिंद मॉड्यूल मामले में मध्य प्रदेश समेत 4 राज्यों में छापेमारी की। टीम ने मध्य प्रदेश के देवास जिले के सतवार में सुबह 5 बजे लियाकत (28) पिता इदु के घर दबिश दी। बिहार से आई एनआईए की 5 सदस्यीय टीम ने लियाकत से करीब 4 घंटे तक पूछताछ की साथ ही उसका मोबाइल जब्त कर लिया है। टीम ने उसे एनआईए मुख्यालय में हाजिर का नोटिस भी दिया। एनआईए की टीम रात करीब 2.30 बजे सतवास थाने पहुंची।
युवक के मोबाइल की होगी जांच
बताया जा रहा है कि जिस युवक से पूछताछ की गई उसके बारे में जानकारी मिली थी कि वह इंटरनेट मीडिया के माध्यम से किसी ग्रुप से जुड़ा था। उक्त ग्रुप में गजवा-ए-हिंद के कट्टरपंथी भारत विरोधी विचार का प्रचार होता था। देवास पुलिस को टीम ने कार्रवाई की जानकारी नहीं दी और अपने स्तर पर जांच की। युवक से पूछताछ के बाद टीम ने उसका मोबाइल जब्त किया है। इसकी जांच की जाएगी। युवक ग्रुप में कैसे जुड़ा, कबसे जुड़ा और क्या उसके पास किसी तरह के काल आए आदि विषयों पर टीम जांच कर रही है। देवास एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि एनआईए की टीम सतवास पहुंची थी। किसी मामले की जांच के लिए अधिकारी आए थे। जांच के बाद टीम रवाना हो गई।
