पाक सेना ने PoK स्थित पौराणिक शारदा पीठ की जमीन पर किया कब्जा, दीवार तोड़कर बनाई कॉफी शॉप
जम्मू. पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पीओके में पौराणिक शारदा पीठ मंदिर पर पाकिस्तान सेना ने कब्जा कर लिया है। न केवल मंदिर की जमीन पर पाकिस्तान सेना का कब्जा है बल्कि मंदिर की एक दीवार तोडकर कॉफी शॉप बना दी गई है। स्थानीय हिंदुओं ने जब इसका विरोध किया तो उन्हें धमकाया गया। यहां सिविल सोसायटी के सदस्य भी पाकिस्तान के खिलाफ खडे हो गए है।
18 महाशक्ति पीठों में से एक है शारदा पीठ
शारदा पीठ का हिंदुओं में विशेष महत्व है। यह 18 महाशक्ति पीठों में से एक है। यह मंदिर सैकडों साल पुराना है। एक समय यह हिंदुओं और बोद्ध धर्म के लोगों के लिए शिक्षा का बडा केंद्र था। यह स्थान नीलम और मधुमति नदी के किनारे मुजफ्फराबाद से 130 किमी दूर है। इस मंदिर की आखिरी बार मरम्मत राजा गुलाब सिंह ने 19वीं सदी में करवाई थी। इससे पहले मंदिर को कई बार नुकसान पहुंचाया गया। कभी प्राकृतिक आपदाओं के कारण तो कभी विदेश आक्रांताओं के कारण यह स्थान जीर्णशीर्ण होता रहा। अभी हालात है कि यहां 70 सालों से पूजा नहीं हुई। पाकिस्तान सेना के आतंक के कारण यहां कोई रखरखाव नहीं हो रहा है।
