गुना में कांग्रेस पर गरजे PM माेदी
गुना. विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ चुनाव प्रचार का सिलसिला भी तेज हो गया है। इसके साथ-साथ राष्ट्रीय नेताओं के प्रदेश में दौरे भी भी बढ़ गए हैं। इसी सिलसिले में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुना पहुंचे हैं। वह शहर के दशहरा मैदान पर विशाल आमसभा को संबोधित कर रहे हैं। तीन जिलों गुना, अशोकनगर और शिवपुरी के भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में यह आमसभा हो रही है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी इस आमसभा के लिए गुना पहुंचे।

कांग्रेस के शासनकाल में सबकुछ था लापता
प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी ने मंच पर आते ही अपने चिरपरिचित अंदाज में जनता का अभिवादन किया और कहा कि ग्वालियर-चंबल का मूड ऊर्जा से भरा हुआ है। यहां पर मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और कहा कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में विकास का जो मॉडल विकसित किया था, वो था लापता मॉडल। बिजली-लापता, सड़क-लापता, पानी-लापता, रोजगार-लापता, गरीबों का घर लापता। कांग्रेस के लापता मॉडल में विकास भी लापता था। कांग्रेस राज में नौजवानों के भविष्य लापता था। कांग्रेस राज में किसानों का कल्याण लापता था।
डबल इंजन की सरकार में मप्र में विकास ने पकड़ी रफ्तार
पीएम मोदी ने कहा कि आपको ये याद रखना है कि जहां-जहां कांग्रेस सरकार होती है, वहां वो हर योजना पर रोड़े अटकाती है। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब मप्र की भाजपा सरकार के साथ भेदभाव किया जाता था। लेकिन 2014 में आपने हमें सेवा का मौका दिया। मोदी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने के बाद मप्र के विकास ने असली तेजी पकड़ी है। आज मध्य प्रदेश में एक तरफ डबल इंजन की सरकार है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के डबल डेंजर लोग हैं। एक इंजन केंद्र का और एक इंजन भाजपा की राज्य सरकार का मतलब मप्र का तेजी से डबल विकास।
