निर्वाचन में विघ्न डालने वाले असमाजिक तत्वों के विरूद्ध भी हो सख्त कार्रवाई -उप निर्वाचन आयुक्त

ग्वालियर भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त अजय भादू एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश अनुपम राजन ने शुक्रवार को ग्वालियर-चंबल संभाग में विधानसभा निर्वाचन – 2023 की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्वालियर-चंबल संभाग में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान हो, इसके लिये सभी प्रबंधन समय रहते करने के दिशा-निर्देश भी दिए। इसके साथ ही ग्वालियर-चंबल संभाग के प्रत्येक जिले में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के भी विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
उप निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि अंतरराज्यीय व अंतरजिला नाकों पर 24 घंटे निगरानी हो, सीसीटीव्ही कैमरे भी लगाए जाएँ। अवैध धन, मदिरा व अन्य मादक पदार्थों व अवैध हथियारों सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री अभियान बतौर जब्त करने की कार्रवाई की जाए। इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त असमाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एसएसटी, एफएसटी व वीएसटी पूरी तरह मुस्तैदी और सतर्कता के साथ काम करे। दोनों संभाग में बल्नरेवल क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने के साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान के माध्यम से मतदाताओं को भरोसा दिलाया जाए कि वे स्वतंत्र और निष्पक्ष होकर अपना वोट डालें।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन ने समीक्षा बैठक में कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग में स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन के लिये आयोग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी जिलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के साथ ही निर्वाचन में विघ्न डालने वाले असमाजिक तत्वों के विरूद्ध भी सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन के संबंध में अगर कोई भी दिक्कत हो तो तत्काल आयोग के अधिकारियों से संपर्क कर उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजन ने कहा कि क्रिटिकल मतदान केन्द्रों के बाहर सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जाएँ। इसके साथ ही मतदान केन्द्रों की वेकबास्टिंग की भी पुख्ता व्यवस्था हो। जरूरत के मुताबिक मतदान केन्द्र के अंदर और बाहर कैमरे लगाए जा सकते हैं। मतदान के संबंध में शिकायतों के निराकरण हेतु सी-विजिल एप का व्यापक प्रचार-प्रसार हो, इसके साथ ही जो शिकायत प्राप्त हो, उसका निराकरण 100 मिनट के अंदर किया जाए। अधिक से अधिक आदर्श मतदान केन्द्र सभी जिलों में बनें, इसके भी विशेष प्रयास किए जाएँ।
समीक्षा बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारी अपने-अपने जिले में पोस्ट ऑफिस से निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा शेष मतदाता पहचान पत्र का वितरण समय रहते हो। इस कार्य के लिये आवश्यकता हो तो बीएलओ का भी उपयोग किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *