स्टेट जीएसटी की बार्डरों पर लगेगी चेकपोस्ट, मतदाताओं को लुभाने वाली सामग्री होंगी चेक
ग्वालियर. विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस बार स्टेट जीएसटी की ओर से बार्डरों पर जीएसटी की चेक पोस्ट लगाई जाएंगी। इसको लेकर बुधवार को आदेश जारी हो गए। यहां ग्वालियर-चंबल संभाग में मुरैना, दतिया, भिंड, शिवपुरी ऐसे सीमावर्ती जिले वहां चेक पोस्ट लगाई जाएंगी। चुनाव में मतदाताओं को प्रलोभन देने वाली वस्तुएं जैसे साड़ी, बर्तन, कपड़े, कंबल आदि इनपर निगाह रखी जाएगी। जांच के दौरान ई-वे बिल सहित परिवहन की पूरी जानकारी टीमें लगीं। एक चेकपोस्ट पर एससीटीओ स्तर के अधिकारी को कमान दी जाएगी। यह बता दें कि विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के प्रयास की शिकायतें हर बार प्राप्त होतीं हैं। इस बार निर्वाचन आयोग ने इसको लेकर विशेष तौर पर सख्ती की है। इन्हें रोकने के लिए इस बार स्टेट जीएसटी की चेक पोस्ट की कवायद की जा रही है। निर्वाचन की व्यवस्था की तहत एफएसटी और वीएसटी भी निगरानी कर रहीं हैं लेकिन जीएसटी विभाग ऐसी कार्रवाई में एक्सपर्ट है इसलिए अलग से चेकपोस्ट बनाई जा रहीं हैं।
क्रसर संचालक की कार में मिले 3.28 लाख रुपये
हस्तिनापुर इलाके में पुलिस ने क्रसर संचालक को 3.28 लाख रुपये के साथ पकड़ा है। वह कार से जा रहा था। तभी यह रुपये बरामद हुए। उसने बताया कि वह क्रसर से लौट रहा था, यह रुपये अलग-अलग लोगों से आए भुगतान के हैं। वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका, इसके चलते पुलिस ने रुपये जब्त कर लिए। एएसपी अमृत मीणा ने बताया कि हस्तिनापुर इलाके में चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान कार से क्रसर संचालक देवेंद्र शर्मा गुजरे। जब उनकी कार रोकी गई तो कार में से 3.28 लाख रुपये मिले। यह रुपये जब्त कर लिए गए हैं। हथियार जमा न करने वाले तीन लोगों पर एफआइआर, अब लाइसेंस होंगे निरस्त: हजीरा इलाके में रहने वाले तीन लोगों ने लाइसेंसी हथियार जमा नहीं किए। इसके चलते अब इनके लाइसेंस पुलिस निरस्त कराएगी। इन पर एफआइआर दर्ज कर ली गई है। एएसपी अमृत मीणा ने बताया कि तीन लोगों ने निर्धारित तिथि तक हथियार जमा नहीं किए। जब रिकार्ड निकाला गया तब सामने आया। अब इन पर एफआइआर दर्ज कर हथियार लाइसेंस निरस्त कराने के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा जा रहा है।
