तेज आवाज के साथ हिली धरती, 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज
सिवनी. दिवाली के पहले गुरूवार को नवंबर को दोपहर 12.55 बजे तेज आवाज के साथ धरती हिलने से लोग दहशत में आ गए। कुछ सेकंड के लिए धरती के हिलने से लोग डर के कारण घरों व दुकानों से बाहर निकल गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी में भी यह भूगर्भीय हलचल दर्ज हुई है। इसमें 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया है।
लगातार आ रहे भूकंप
मुख्यालय व आसपास के गांवों में बीते कुछ माह से लोगों को लगातार भूकंप के हल्के झटके महसूस हो रहे है। हांलाकि इनमें से कुछ ही दर्ज किए जा रहे है। इसके पहले बीते 29, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। बीते 1 अक्टूबर की रात 9 बजे भी 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ था। हालांकि अब तक लगातार आ रहे भूकंप से जानमाल की हानी तो नहीं हुई है लेकिन कच्चे मकानों में दरारें आ गई। इससे इनमें रह रहे लोगों में दहशत व्याप्त है। बीते 29 सितंबर को रिक्टर पैमाने पर 2.9 व 30 सितंबर को 1.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।
