विधानसभा आम निर्वाचन- रंगोली बनाकर दिया मताधिकार का उपयोग करने का संदेश

ग्वालियर – जिले के ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक अपने मताधिकार का उपयोग करने का संदेश पहुँचाने के लिये जिले में स्वीप (सिस्टमेटिक वोटर्स एज्यूकेशन एण्ड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) के तहत व्यापक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इस कड़ी में बीते रोज शासकीय एवं निजी स्कूलों के 18 से अधिक आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने शहर में विशाल रैली निकालकर मतदाताओं को जागरूक किया। साथ ही विद्यार्थियों ने वीवीपेट व ईवीएम पर केन्द्रित आकर्षक रंगोली भी बनाईं।
कोटेश्वर रोड पर आयोजित हुए कार्यक्रम की थीम “वॉक फॉर डेमोक्रेसी” रखी गई थी। इस अवसर पर विद्यार्थियों व शिक्षकों ने “वोट फॉर ए बैटर ग्वालियर” का नारा देकर अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी को 17 नवम्बर के दिन मतदान करने की शपथ दिलाई गई। रंगोली प्रतियोगिता में ग्रीन गार्डन स्कूल प्रथम, ब्राइट पब्लिक हायर सेकेण्ड्री स्कूल द्वितीय एवं ब्रिलिएन्ट स्टार हायर सेकेण्ड्री स्कूल ने तृतीय स्थान हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *