3 दिनों तक गृहमंत्री अमित शाह MP के दौरे पर
भोपाल. बीजेपी ने मध्य प्रदेश की दो सीटों विदिशा और गुना को छोडकर 228 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए है। करीब 50 सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवारों का विरोध हो रहा है। अब एमपी के चुनाव की जमीनी समीक्षा करने के लिए तीन दिनों तक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। अमित शाह तीन दिनों में अलग-संभागों के बीजेपी पदाधिकारियों की बैठक लेकर जमीनी हालात को समझेंगे। पूर्व सीएम कमलनाथ के गढ छिंदवाडा की जुन्नारदेव विधानसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद रविवार 29 अक्टूबर को उज्जैन में रोड शो करेंगे। उज्जैन में ही एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
डैमेज कंट्रोल के लिए देंगे दिशा-निर्देश
बीजेपी के घोषित उम्मीदवारों के विरोध के बावजूद पार्टी ने एक भी सीट पर प्रत्याशी नहीं बदला है। इसके उलट कांग्रेस 7 सीटों पर प्रत्याशी बदल चुकी है। ऐसे में कई सीटों पर बीजेपी के दूसरे दावेदार पार्टी छोडकर निर्दलीय और अन्य दलों से चुनाव लडने के लिए कदम बढा चुके है। अमित शाह संभागीय बैठकों के दौरान नाराज नेताओं को मनाने और डैमेज कंट्रोल करने को लेकर भी पदाधिकारियों को सुझाव देंगे।
