नामांकन के दूसरे दिन 2 प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए 

अब तक तीन प्रत्याशियों ने भरे हैं अपनी नामजदगी के पर्चे  
ग्वालियर -नामजदगी के पर्चे दाखिल करने के दूसरे दिन यानि 23 अक्टूबर को दो उम्मीदवारों ने नाम-निर्देशन पत्र दाखिल किए। नामांकन के पहले दिन यानि 21 अक्टूबर को एक प्रत्याशी द्वारा पर्चा भरा गया था। इस प्रकार अब तक जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल मिलाकर 3 उम्मीदवारों द्वारा अपनी नामजदगी के पर्चे दाखिल किए जा चुके हैं।
सोमवार 23 अक्टूबर को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-14 ग्वालियर ग्रामीण में ग्राम दंगियापुरा निवासी भारत सिंह कुशवाह ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में अपनी नामजदगी का पर्चा दाखिल किया । ग्वालियर ग्रामीण के रिटर्निंग ऑफीसर बृजबिहारी लाल श्रीवास्तव को उन्होंने अपना नाम निर्देशन पत्र सौंपा।
इसी तरह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व में ललितपुर कॉलोनी ग्वालियर निवासी सतीश सिंह सिकरवार ने इंडियन नेशनल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में अपनी नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। उन्होंने ग्वालियर पूर्व के रिटर्निंग ऑफीसर विनोद सिंह को अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन के लिये जारी किए गए कार्यक्रम के तहत 30 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। सार्वजनिक अवकाश होने की वजह से 24 व 29 अक्टूबर को नामांकन का सिलसिला बंद रहेगा। अभ्यर्थी अथवा उनके प्रस्तावक अब 25, 26, 27, 28 व 30 अक्टूबर को प्रात: 11 से 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी अथवा सहायक रिटर्निंग अधिकारी को नामांकन प्रस्तुत कर सकेगें। नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (जाँच) 31 अक्टूबर को होगी और 2 नवम्बर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इन सभी दिवसों में प्रात: 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक यह कार्यवाही संपादित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *