चुनावी जांच में 2 दिनों में मिले 70 लाख नकद
उज्जैन. विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस ने पूरे जिले की सीमा सील कर दी है। जिलेभर में 32 नाकों पर दिन-रात आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही हैै। बीते दो दिनों के अंदर पुलिस ने 70 लाख रुपये नकद और 20 लाख रुपये का सोना जब्त किया है। चुनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है। आगर रोड, इंदौर रोड, मक्सी, देवास, बडनगर, उन्हेल मार्ग के अलावा जिले की सीमा जहां अन्य जिलों से लगती है वहां पुलिस ने चेकिंग पाइंट बनाए है। ऐसे 32 स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां से अन्य जिलों से उज्जैन जिले में प्रवेश करते है।
पुलिस ने 32 चेकिंग पाइंट बनाए है जहां दिन रात पुलिस बल तैनात किया गया है। हर आने-जाने वाले लोगों को जांच के बाद ही जिले में प्रवेश दिया जा रहा है। पुलिस बल अवैघ शराब, मादक पदार्थ, अवैध रूप से नकद ले जाने वाले लोगों पर नजर रख रही है। वाहनों की चेकिंग कर वीडियो ग्राफी करवाई जा रही है। शुक्रवार को पुलिस ने घट्टिया क्षेत्र से एक व्यक्ति की कार से ढाई लाख रुपये जब्त किए थे। खाचरौद पुलिस ने कार चालक के कब्जे से पांच लाख रुपये, इंदौर रोड स्थित पंथ पिपलई में कार से 2.70 लाख रुपये जब्त किए थे। इसके अलावा कोतवाली थाना क्षेत्र से तीन लाख रुपये, नरवर से 8 लाख रुपय बरामद किए है।
