चुनावी बैठक में कैंंडी क्रश खेलते नजर आए सीएम बघेल

रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा होते ही राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। सियासी दल एक-दूसरे को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस की चुनावी बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कथिततौर पर कैंडी क्रश खेलने वाली एक तस्वीर को इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर तंज कसा है। भाजपा ने एक्स हैंडल पर सीएम बघेल की तस्वीर पोस्ट कर कहा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी निश्चिंत हैं, उन्हें पता है कि कितनी भी माथा-पच्ची कर लें सरकार तो आनी नहीं है। शायद इसीलिए कांग्रेस के प्रत्याशी चयन से संबंधित बैठक में ध्यान देने के बजाय उन्होंने कैंडी क्रश खेलना उचित समझा।
मुख्यमंत्री बघेल ने किया पलटवार
मुख्यमंत्री बघेल ने भाजपा के इस तंज पर पलटवार करते हुए कहा है कि पहले भाजपा को ऐतराज़ था कि मैं गेड़ी क्यों चढ़ता हूं, भौंरा क्यों चलाता हूं, गिल्ली डंडा क्यों खेलता हूं, प्रदेश में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक क्यों हो रहे हैं। कल एक बैठक से पहले फ़ोटो मिल गई जिसमें मैं कैंडी क्रश खेल रहा हूं। अब भाजपा को उस पर ऐतराज़ है। दरअसल उनको मेरे होने पर ही ऐतराज़ है। पर यह तो छत्तीसगढ़ के लोग हैं जो तय करते हैं कि कौन रहेगा कौन नहीं रहेगा। मैं गेड़ी भी चढूंगा, गिल्ली डंडा भी खेलूंगा। कैंडी क्रश भी मेरा फेवरेट है। ठीक ठाक लेवल पार कर लिया हूँ, वो भी जारी रहेगा। बाकि छत्तीसगढ़ को पता है कि किसे आशीर्वाद देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *