अलग-अलग संगठन के नेताओं ने 12 अक्टूबर को ग्वालियर में जेल भरो आंदोलन का आह्वान किया

ग्वालियर. गुर्जर महापंचायत के बहाने शहर में भीड़ बुलाकर उपद्रव कराने वाले कई मुख्य आरोपित पकड़े भी नहीं जा सके हैं। इस बीच दूसरे प्रदेशों से अलग-अलग संगठन के नेताओं ने 12 अक्टूबर को ग्वालियर में जेल भरो आंदोलन का आह्वान किया है। उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई के विरोध में यह प्रदर्शन करने की तैयारी चल रही है। इसे लेकर इंटरनेट मीडिया पर जमकर पोस्ट बहुप्रसारित हो रही हैं। हालांकि गुर्जर समाज के कई स्थानीय संगठनों ने इस प्रदर्शन से खुद को अलग बताया है। फिर भी पुलिस और प्रशासनिक अफसर पशोपेश में हैं, क्योंकि उपद्रव में कई बाहर के लोग शामिल हुए थे।
इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट हो रही हैं प्रसारित
यह पोस्ट ग्वालियर और चंबल अंचल सहित अन्य प्रदेशों के लोग बहुप्रसारित कर रहे हैं। कुछ स्थानीय लोग भी इसमें शामिल हैं, हालांकि प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मिलकर कुछ लोगों ने खुद को इस आंदोलन से दूर भी बताया है। अब 12 अक्टूबर को इन लोगों ने मेला मैदान पहुंचकर गिरफ्तारियां देने का आव्हान किया है तो पुलिस और प्रशासनिक अफसर तैयारी में हैं। इसे लेकर अभी से ऐसे लोगों को क्लोज सर्विलांस में रखा गया है, जो इसमें शामिल होंगे। इसमें कितने लोग शामिल हो सकते हैं, इसे लेकर भी पड़ताल चल रही है।
12 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले ठंडी पड़ी आरोपितों पर कार्रवाई
12 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले पुलिस की कार्रवाई भी ठंडी पड़ गई है। इस उपद्रव को कराने वालों पर शुरुआत में सख्ती हुई, अब नई गिरफ्तारी भी नहीं हुई। वहीं कुछ रसूखदारों को पकड़कर छोड़ दिया। पारसेन के रहने वाले सत्येंद्र घुरैया के घर पुलिस पहुंची, लेकिन उस पर कार्रवाई नहीं हुई। उसे क्यों छोड़ा गया, इसे लेकर पुलिस अधिकारी भी चुप्पी साध गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *