LNIPE में फूड पायजनिंग से 250 से अधिक छात्र बीमार

ग्वालियर. लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षण संस्थान (LNIPE) में दूषित भोजन की वजह से मंगलवार को 250 से अधिक छात्र-छात्राएं बीमार पड़ गए। संस्थान प्रबंधन ने पहले तो LNIPE  के अंदर ही उपचार देने का प्रयास किया गया, लेकिन जब छात्रों की हालत नियंत्रण से बाहर हुई तो आनन-फानन में रात करीब 9 बजे जयारोग्य अस्पताल के नवीन भवन में भर्ती करना पड़ा। देर रात तक करीब सवा सौ से अधिक छात्र-छात्राओं को भर्ती किया जा चुका था।
प्रबंधन अचानक से छात्रों के बीमार होने पर चुप्पी साध गया
सभी छात्रों को उल्टी, दस्त और ठंड के साथ बुखार की शिकायत थी। डाक्टरों ने तत्काल उपचार देना शुरू किया है। कुछ छात्रों को ड्रिप चढ़ाने से कंपकपी छूट रही थी, तब उनकी ड्रिप बंद कर उपचार दिया गया। LNIPE  प्रबंधन अचानक से छात्रों के बीमार होने पर चुप्पी साध गया। बीमार छात्रों को उपचार दे रही डा. सुषमा त्रिखा और डा. विजय गर्ग ने बताया कि दूषित भोजन करने से छात्रों की हालत बिगड़ी है।
मैस में चिकन और पनीर खाने से छात्र बीमार हुए
बीमार छात्र-छात्राओं का कहना है कि 2 अक्टूबर को मैस में चिकन और पनीर बनाया गया था। यह भोजन सभी विद्यार्थियों को शाम के वक्त खाने में दिया गया। खाना खाने के बाद काफी सारे छात्रों को फूड प्वाइजनिंग की शिकायत हुई, लेकिन रात में किसी ने इसकी शिकायत नहीं की। सुबह होते होते मामला गंभीर हो गया। LNIPE  हास्टल में रहकर पढ़ने वाले करीब सभी विद्यार्थी बीमार हो गए। पहले इन्हें संस्थान के अंदर ही डा. वीरेन्द्र परमार ने उपचार दिया। शाम तक विद्यार्थियों की जब हालत और अधिक खराब होने लगी, तब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद यह मामला सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *