MP की दूसरी सूची में ग्वालियर दक्षिण से नारायण सिंह कुशवाहा और लहार से अंबरीश शर्मा का नाम तय

नई दिल्ली. भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति में मप्र की दूसरी सूची पर लगभग सहमति बन गई है। इसमें 35 नाम हैं। इनका ऐलान 2 से 3 दिनों में होगा। छतरपुर की राजनगर सीट से घासीलाल, छिंदवाड़ा सीट से बंटी साहू का नाम लगभग तय है। छिंदवाड़ा सीट से अभी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सीएम कमलनाथ विधायक हैं। तेंदूखेड़ा (नरसिंहपुर) से सांसद राव उदयप्रताप सिंह का नाम आया है, लेकिन यह नाम दूसरी सूची में रखा जाए या नहीं, यह बाद में तय होगा। सैलाना से संगीता चारेल है, ग्वालियर दक्षिण से नारायण सिंह कुशवाहा और लहार से अंबरीश शर्मा पर पार्टी फिर से भरोसा दिखाने जा रही है। लहार से नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह विधायक हैं। भितरवार से कौशल शर्मा और मोहन सिंह राठौड़ का नाम आगे है। राजगढ़ से अमर सिंह यादव या प्रताप मंडलोई का नाम है। प्रमुख रूप से छिंदवाड़ा, राजगढ़, धार और झाबुआ की सीटों पर बात हुई है।

नरेंद्र सिंह, विजयवर्गीय व हितानंद के करीबी में से एक नाम तय हो सकता है
खिलचीपुर से हजारीलाल दांगी (दांगी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सीएम की पसंद) और अंशुल तिवारी (नरेंद्र सिंह, विजयवर्गीय व हितानंद के करीबी) में से एक नाम तय हो सकता है। नरसिंहगढ़ से राजवर्धन सिंह और बड़नगर से मुकेश पंडया का नाम है। उज्जैन से अनिल जैन कालूखेड़ा के नाम पर सहमति बाकी है।कालापीपल सीट में घनश्याम चंद्रवंशी का नाम था, लेकिन स्थानीय नेता के विरोध के बाद खाती समाज के राकेश वर्मा का नाम आगे आया है। सारंगपुर में रामलाल घटक और गौतम टेटवाल के साथ मोहन सोलंकी का नाम विचार के लिए रखा गया है। ब्यावरा में जगदीश पंवार, रामनारायण दांगी व नारायण सिंह पंवार और नागदा-खाचरोद सीट पर दिलीप शेखावत, मोती सिंह और तेज बहादुर के नाम हैं। इनमें से एक नाम पर सहमति बनानी है। उज्जैन-उत्तर सीट में अनिल जैन कालूहेड़ा (कोषाध्यक्ष) प्रबल दावेदार हैं। बुरहानपुर से अर्चना चिटनीस के नाम पर बात हुई। यहां से हर्ष सिंह भी दावेदार हैं। थांदला से कल सिंह भाबर, देवरी से बृजबिहारी पटेरिया, देपालपुर से मनोज पटेल का नाम आगे है।

कई सीटों पर अलग से चर्चा
प्रारंभिक तौर पर कुछ सीटों पर अलग से बात हुई है, जिनमें सेवड़ा से प्रदीप अग्रवाल या कालीचरण कुशवाहा, डबरा से इमरती देवी, बैतूल से हेमंत खंडेलवाल के नाम पर बात हुई है। डिंडोरी सीट पर अजजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष और पूर्व जनपद अध्यक्ष महेश धूमकेटी, गजेंद्र करचाम पर विचार हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *