हमने लश्कर कमांडर रयाज की हत्या का बदला लिया-टीआरएफ

नई दिल्ली. जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में सेना के कर्नल मनप्रीत सिंह, बटालियन के कमांडिंग मेजर आशीष धोनैक और जम्मू कश्मीर पुलिस के डीएसपी हुमायूं भट शहीद हो गये।
यह हमला अनंतनाग के कोकरनाग के हलूरा गंडूल इलाके में घटित हुआ था। दरअसल, यहां पर आतंकियों के छिपे होने का इनपुट मिल रहे थे। इसके बाद सेना और पुलिस ने मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी बीच आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन र रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। टीआरएफ ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान की मस्जिद में मारे गये लश्कर कमांडर रयाज अहमद उर्फ कासिम की मौत का बदला लिया है। 8 सितम्बर को रावलकोट की मस्जिद में आतंकी कासिम की हत्या कर दी गयी थी।

अनंतनाग जिले के कोकेरनाग में एनकाउंटर में सेना के 3 अफसर शहीद होने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने इलाके को घेर लिया है. (फोटो- पीटीआई)

क्या है टीआरएफ?
द रेजिस्टेंस फ्रंट जम्मू-कश्मीर में एक्टिव है. ये लश्कर-ए-तैयबा की एक तरह से ब्रांच है. जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 को हटाए जाने के बाद टीआरएफ एक ऑनलाइन यूनिट के रूप में शुरू हुआ था.  माना जाता है कि टीआरएफ को बनाने का मकसद लश्कर जैसे आतंकी संगठनों को कवर देना है. इस संगठन को बनाने की साजिश सरहद पार से रची गई थी.
टीआरएफ को बनाने में लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के साथ-साथ पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का भी हाथ रहा है.  ये इसलिए बनाया गया ताकि भारत में होने वाले आतंकी हमलों में सीधे तौर पर पाकिस्तान का नाम न आए. और वो फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) की ब्लैक लिस्ट में आने से बच जाए.

अनंतनाग एनकाउंटर से पाकिस्तान भी घबरा गया है. एयरस्ट्राइक के खौफ में पाकिस्तान परेशान देखा जा रहा है. खुफिया एजेंसियों के हवाले से खबर है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में सक्रिय टेरर कैंपों में से कुछ कैंप को पीछे की तरफ किया जा रहा है. सूत्रों ने बताया कि इन टेरर कैंपों को LoC के नजदीक बने लांच पैड की तरफ शिफ्ट किया गया है. दरअसल, पिछले कुछ दिनों में टेरर कैंपों में आतंकियों की संख्या बढ़ी है.
ऐसे सामने आया टीआरएफ का नाम
14 फरवरी 2019 को पुलवामा में बड़ा आतंकी हमला हुआ था. इसके बाद दुनियाभर में पाकिस्तान बेनकाब हो गया. इस हमले को जैश-ए-मोहम्मद ने अंजाम दिया था.
जब दुनियाभर से पाकिस्तान पर दबाव बढ़ा तो वो समझ गया कि आतंकी संगठनों के खिलाफ कुछ न कुछ करके दिखाना होगा. इसके बाद उसने ऐसा संगठन बनाने की साजिश रची, जिससे भारत में आतंक भी फैल जाए और उसका नाम भी न आए. तब जाकर आईएसआई ने लश्कर के साथ मिलकर टीआरएफ बनाया.
टीआरएफ का नाम तब चर्चा में आया जब उसने 2020 में बीजेपी कार्यकर्ता फिदा हुसैन, उमर राशिद बेग और उमर हाजम की कुलगाम में बेरहमी से हत्या कर दी थी.
टीआरएफ कश्मीर में फिर से वही दौर लाना चाहता है, जो कभी 90 के दशक में था. टीआरएफ के आतंकी टारगेट किलिंग पर फोकस करते हैं. वो ज्यादातर गैर-कश्मीरियों को निशाना बनाते हैं ताकि बाहरी राज्यों के लोग जम्मू-कश्मीर आने से बचें.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *