MP BJP की दूसरी लिस्ट पर दिल्ली में मंथन, 25 पर बनी सहमति

नई दिल्ली. मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए BJP कैंडिडेट्स की दूसरी लिस्ट पर दिल्ली में बुधवार रात करीब 10 बजे तक मंथन चला। पार्टी मुख्यालय में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में बीते चुनाव में हारीं 39 सीटों पर रायशुमारी की गई। सूत्रों के मुताबिक, इनमें से 25 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों पर सहमति बन गई है। बैठक में मध्यप्रदेश के साथ ही छत्तीसगढ़ और राजस्थान को लेकर भी चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, सीएम शिवराज सिंह चौहान, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा बैठक में शामिल हुए। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, फग्गन सिंह कुलस्ते, बीएस येदुरप्पा, सर्वानंद सोनोवाल, के. लक्ष्मण, इकबाल सिंह लालपुरा, सुधा यादव, सत्यनारायण जटिया, देवेंद्र फड़नवीस, ओम प्रकाश माथुर, बीएल संतोष, वनाथी श्रीनिवासन भी बैठक में मौजूद रहे।

नड्डा के घर बैठक में बना 50 सीटों पर पैनल
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, सोमवार रात को दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमित शाह, बीएल संतोष के साथ सीएम शिवराज, वीडी शर्मा, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, हितानंद शर्मा की बैठक में करीब 50 सीटों पर नामों का पैनल बनाया गया था। इसमें शामिल नामों पर ही केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में चर्चा की गई।

इन सीटों पर भी तय हो सकते हैं प्रत्याशी
2018 विधानसभा चुनाव में निर्दलीय, सपा, बसपा से चुनाव जीतने के बाद बीजेपी में शामिल हुए और समर्थन देने वाले विधायकों की सीटों पर भी उम्मीदवार तय होने हैं। इनमें वारासिवनी, बिजावर, भिंड, सुसनेर, बड़वाह में भी उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चा हो सकती है। हालांकि, सूत्रों ने कहा है कि इन सीटों पर बीजेपी अंतिम दौर में ही कैंडिडेट घोषित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *