इस बार बड़ा नेता Vs लोकल नेता, शिवराज के सामने कांग्रेस के राजकुमार को उतारने की तैयारी
भोपाल. मध्यप्रदेश में विधानसभा की कुछ ऐसी हाई प्रोफाइल सीटें हैं, जिन पर कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवार पहले से तय हैं। जो भी इनके खिलाफ लड़ता है उसका हारना तय माना जाता है। इसके बावजूद पार्टियां अपने कद्दावर उम्मीदवार को वहां से उतारती हैं। बाहरी कद्दावर नेता चुनाव हार जाता है और कोई फायदा नहीं होता। यही कारण है कि इस बार भाजपा और कांग्रेस ने नई रणनीति बनाई है।
छिंदवाड़ा में बीजेपी विवेक साहू को उतार सकती है
इस बार हाई प्रोफाइल सीटों पर स्थानीय प्रत्याशी को उतारा जाएगा। यही कारण है कि कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में बीजेपी अपने स्थानीय नेता विवेक साहू (बंटी) को उतार सकती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने कांग्रेस किसी बड़े नेता को उतारने के बजाय स्थानीय राजकुमार पटेल या महेश राजपूत को उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी कर चुकी है।
लोकल नेता पर ही दांव लगाया जा रहा
इन दो सीटों के अलावा नगरीय विकास व आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह, गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह व पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह की घेराबंदी करने के लिए लोकल नेता पर ही दांव लगाया जा रहा है। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के खिलाफ राऊ से बीजेपी ने मधु वर्मा को ही टिकट दिया है। लोकल उम्मीदवार की रणनीति के बाद भी भूपेंद्र सिंह के खिलाफ कांग्रेस को कोई तगड़ा उम्मीदवार नहीं मिला है, इसलिए माना जा रहा है कि इस सीट पर कोई आयातित नेता ही चुनाव लड़ेगा।
